देहरादून। Uttarakhand Vidhan Sabha Election 2022 आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में डट गई है। अब जबकि कभी भी चुनाव की घोषणा हो सकती है तो पार्टी भी नई रणनीति के साथ चुनाव अभियान को धार देने जा रही है। पार्टी का प्रयास है कि केंद्रीय मंत्रियों और राष्ट्रीय नेताओं के अधिक से अधिक कार्यक्रम राज्य में लगाए जाएं। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र स्तर पर छोटी-छोटी सभाओं, नुक्कड़ सभाओं के अलावा घर-घर जनसंपर्क के लिए टोलियां तैयार की जा रही हैं।
प्रदेश में इन दिनों भाजपा की विजय संकल्प यात्रा चल रही है, जिसके तहत रोड शो, सभाएं और स्वागत समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान पार्टी के केंद्रीय नेता लगातार ही सभाओं में भाग लेकर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। इसके अलावा जनसुझाव रथ भी सभी विधानसभा क्षेत्रों में घूमकर पार्टी के दृष्टिपत्र के लिए आमजन से सुझाव ले रहे हैं। इन रथों पर लगी एलईडी के माध्यम से राज्य व केंद्र सरकारों की उपलब्धियों की जानकारी जनता को दी जा रही है।
इसी कड़ी में राष्ट्रीय नेताओं व केंद्रीय मंत्रियों के कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं। राज्य में चल रही विजय संकल्प यात्रा में केंद्रीय मंत्रियों राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, नरेंद्र तोमर, सांसद मनोज तिवारी, भाजपा के अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह समेत अन्य नेताओं की सभाएं होंगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार छह जनवरी को विजय संकल्प यात्रा के विश्राम लेने के बाद भी केंद्रीय नेतृत्व से राज्य में केंद्रीय मंत्रियों व अन्य नेताओं के कार्यक्रम प्रांत स्तर से मांगे गए हैं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी, सह चुनाव प्रभारी सरदार आरपी सिंह व लाकेट चटर्जी, राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रदेश प्रभारी रेखा वर्मा सहित अन्य केंद्रीय नेता लगातार विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। सूत्रों ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र स्तर पर छोटी-छोटी सभाओं के कार्यक्रम भी तय किए जा रहे हैं।




