
देहरादून, 30 जुलाई 2021
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउण्ड देहरादून में निर्माणाधीन बहुउद्देशीय क्रीड़ा भवन का औचक निरीक्षण किया। इस भवन में दरार एवं सीलन की शिकायतों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी देहरादून को निर्माण कार्य की शीघ्र जांच करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों की गुणवत्ता में लापरवाही पर संबधित कार्यदाई संस्था के अधिकारियों पर सख्त कारवाई की जाएगी। परेड ग्राउण्ड में बन रहे बहुउद्देशीय क्रीड़ा भवन का निर्माण पेयजल निर्माण निगम द्वारा किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उनके साथ डीएम राजेश कुमार, खेल निदेशालय के संयुक्त निदेशक धर्मेंद्र भट्ट, जिला खेल अधिकारी राजेश ममगाईं व पेयजल निगम के अधिकारी भी साथ में थे। इस निरीक्षण के बाद डीएम ने धर्मेन्द्र भट्ट, राजेश ममगाईं, समेत पेयजल निगम के अधिकारियों को बहुउद्दशीय क्रीड़ा हाल के कार्य के बाबत विस्तृत जानकारी लेने के लिए अपने कार्यालय में बैठक भी की। गौरतलब है कि करीब 14.39 करोड़ की लागत से परेड ग्राउंड में बन रहे इस बहुउद्देशीय क्रीड़ा हाल में बॉक्सिंग हॉल, बड़ा हॉल बनाया जा रहा है। जिसमें बैंडमिंटन, बॉस्केटबॉल, टेबल टेनिस समेत अन्य इंडोर खेल, खेल प्रशिक्षण व प्रतियोगिताएं हो सकती हैं। कार्यदायी संस्था ने करीब डेढ़ से दो माह के बीच इसका निर्माण कार्य पूरा होने की जानकारी दी है।
स्मार्ट सिटी के काम में तेजी लाने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दौरान परेड ग्राउण्ड में स्मार्ट सिटी के तहत हो रहे कार्यों का निरीक्षण भी किया। कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिये कि स्मार्ट सिटी के तहत परेड ग्राउण्ड में होने वाले निर्माण कार्यों को पूर्ण करने की समयावधि क्या रखी गई है, इसका पूरा विवरण प्रस्तुत किया जाय। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी निर्माण कार्यों में समय एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।







