नई दिल्ली: देश में 2022 में 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं. इसको लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. मुख्य निर्वाचन आयुक्त अपनी टीम के साथ 28 दिसंबर से उत्तर प्रदेश के दो दिन के दौरे पर रहेंगे. माना जा रहा है निर्वाचन आयोग इस दौरान चुनावों को लेकर ऐलान भी कर सकता है.
दरअसल, चुनाव आयोग पंजाब, गोवा के साथ उत्तराखंड की समीक्षा कर चुका है. जिसके बाद अब आयोग उत्तर प्रदेश की चुनाव तैयारियां परखने आ रहा है. चुनाव आयोग ने चुनाव की तैयारियों को परखने के लिए 29 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के सभी ज़िलों के जिला अधिकारियों और एसएसपी को मीटिंग के लिए लखनऊ बुलाया है. इस दौरान स्थितियों को लेकर समीक्षा और इसके बाद चुनावों को लेकर निर्णय लिया जाएगा. संभावना है कि 30 दिसंबर को आयोग चुनाव का ऐलान कर सकता है.
गौरतलब है कि साल 2022 में पांच राज्यों (उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर) में विधानसभा चुनाव होने हैं. लेकिन कोरोना के नए ओमिक्रॉन वेरिएंट के खतरे को ध्यान में रखकर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने इन चुनावों को स्थगित करने की सलाह दी है. समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा, ”अगले हफ्ते, हम उत्तर प्रदेश जाएंगे और वहां की स्थिति की समीक्षा करेंगे. फिर एक उचित निर्णय लेंगे.”




