
प्रयागराज, 1 अक्टूबर 2021
प्रयागराज विकास प्राधिकरण विभिन्न आवासीय योजनाओं में खाली पड़े भवनों की बिक्री नवरात्र में शुरू करने की तैयारी कर रहा है। पीडीए प्रशासन इसकी योजना बना रहा है। जल्द बिक्री की प्रक्रिया के लिए तारीख की घोषणा की जा सकती है।
पीडीए की अलग-अलग आवासीय योजनाओं में लगभग पांच सौ भवन खाली पड़े हैं। इनमें सबसे अधिक कालिंदीपुरम में हैं। पिछले साल कोरोना की पहली और इस वर्ष दूसरी लहर के चलते रिक्त आवासीय योजनाओं का निस्तारण नहीं हो पाया। अब हालात सामान्य होने के बाद पीडीए प्रशासन खाली पड़े भवनों के नए मूल्य भी तय कर रहा है। पीडीए के एक अधिकारी ने बताया कि रिक्त भवनों की कीमत तय किर बिक्री करने पर तेजी से काम हो रहा है। अधिकारी के मुताबिक रिक्त भवनों के निस्तारण के बाद पीडीए नैनी स्थित वृहद टाउनशिप के निर्माण की घोषणा करेगा। इस टाउनशिप में एक हजार आवास के साथ मार्केट, मॉल आदि बनाने की तैयारी है। टाउनशिप निर्माण की घोषणा लगभग तीन साल पहले हुई थी। कोरोना का हमला नहीं होता तो पिछले साल ही इसका निर्माण शुरू हो सकता था। टाउनशिप निर्माण के लिए विशेषज्ञ एजेंसी की मदद ली जाएगी।
इन स्थानों पर खाली हैं फ्लैट
कालिंदीपुरम, सुलेमसराय, नैनी में पीडीए की विभिन्न आवासीय योजनाओं में खाली फ्लैटों के लिए लॉटरी निकालने की योजना है।







