
नोएडा, 17 सितम्बर 2021
गौतमबुद्ध नगर के DM सुहास यतिराज ने जिस बैडमिंटन रैकेट से टोक्यो पैरालंपिक 2020 में इतिहास रचा, उसे ई-ऑक्शन में रखा गया है. यह ई-ऑक्शन केंद्र सरकार करा रही है. डीएम सुहास के इस रैकेट पर अब तक 4 बिडर्स ने बोली लगाई है. आज यानी 17 सितंबर से शुरू हुए इस ई-ऑक्शन में रैकेट की बेस प्राइस 50 लाख रुपये रखी गई थी, जो अब 10 करोड़ रुपये हो चुकी है. इसी बैडमिंटन रैकेट से डीएम सुहास ने टोक्यो पैरालंपिक में सिल्वर मेडल जीता था. 7 अक्टूबर की शाम 5 बजे तक ई-ऑक्शन की खुला है, जो भी चाहे वह बोली लगा सकता है.
बोली लगाने के लिए आपको वेबसाइट पीएम मेमेंटोज पर जाना होगा. यहां आपको नीरज चोपड़ा के उस जेबलिन की बोली लगते हुए भी दिख जाएगी जिससे नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में गोल्ड मेडल जीता था. इसके अलावा पीएम नरेंद्र मोदी को अलग-अलग अवसरों पर मिले गिफ्ट आइटमों की भी ई-नीलामी में शामिल होने का अवसर केंद्र सरकार की इस वेबसाइट पर मिलेगा. संस्कृति मंत्रालय की ओर से आयोजित इस ई-ऑक्शन से आए पैसों का इस्तेमाल नमामि गंगे में किया जाएगा.
जाने सुहास यतिराज को
टोक्यो पैरालंपिक 2020 के एसएल4 क्लास फाइनल में सुहास यतिराज फ्रांस के लुकास माजूर से हारकर गोल्ड मेडल से चूक गए थे. माजूर ने सुहास को 15-21, 21-17, 21-15 से हराया था. टोक्यो पैरालंपिक में बैडमिंटन में यह भारत का तीसरा पदक है. गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) के 38 वर्षीय जिलाधिकारी (डीएम) सुहास पैरालंपिक खेलों में पदक जीतने वाले पहले आईएएस अधिकारी हैं. कर्नाटक के 38 वर्ष के सुहास के टखनों में विकार है. कोर्ट के भीतर और बाहर कई उपलब्धियां हासिल कर चुके सुहास कम्प्यूटर इंजीनियर है और 2007 बैच के आईएसएस अधिकारी भी. वह 2020 से नोएडा के जिलाधिकारी हैं.







