लखनऊ, 25 अगस्त 2021

समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने बुधवार को कहा कि ‘स्वच्छ ईंधन, बेहतर जीवन’ के नारे के साथ लांच हुई उज्ज्वला योजना 2.0 यूपी चुनाव से ठीक पहले भाजपा का जनता से दूसरा बड़ा छलावा भर है. असल में ये योचना योजना ‘मंहगा ईंधन, बेकार जीवन’ में बदल चुकी है. बता दें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज उज्ज्वला योजना 2.0 के अंतर्गत लाखों महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन प्रदान किया है.

भाषणों में गांव की गरीब महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से उज्ज्वला योजना की शुरूआत का एलान होता है. गरीबों को लाखों की संख्या में रसोई गैस, चूल्हा और सिलेंडर दिए जाने का दावा किया जाता है. जबकि हकीकत यह है कि उज्ज्वला का सिलेंडर महज शो पीस से ज्यादा कुछ नहीं है.

उन्होंने कहा कि एनएसओ के सर्वे के मुताबिक गरीबी रेखा के नीचे रहने वाले 20 प्रतिशत परिवारों की प्रतिमाह आय मात्र 1065 रुपये है. पिछले 15 माह में रसोई गैस सिलेंडर के दामों में 321 रूपए की बढ़त दर्ज की गई है. जुलाई में गैस सिलेंडर 933 रूपए का मिल रहा है. 1 अगस्त 2021 से सरकार ने 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 73.5 रूपए की बढ़ोत्तरी कर दी है, जबकि उस पर सब्सिडी फिक्स कर दी गई है.

अखिलेश यादव ने कहा कि सच तो यह है कि जिन परिवारों को उज्ज्वला योजना का लाभ मिला है, वे दोबारा गैस सिलेंडर नहीं ले सके हैं. इस योजना के 78 प्रतिशत परिवारों ने फिर चूल्हे पर खाना बनाना शुरू कर दिया है. जब रसोई गैस सिलेंडर गरीब की कमाई और जेब से बाहर है तो उज्ज्वला योजना तो उसके लिए भाजपा की चुनावी एजेंडा पूरी करने की साजिश के अलावा और कुछ नहीं है. गरीब को बहकाकर उसे और ज्यादा गरीब बनाने की इस साजिश को जनता बखूबी समझ रही है. वह उसे अब और राजनीतिक रोटियां सेंकने नहीं देगी.