मेरठ, जेएनएन। सुबह से ही हो रही बारिश और खराब मौसम के बीच शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यहां शामली के कैराना पहुंचे। इस दौरान जनसंपर्क कार्यक्रम में उनके साथ कैराना से भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह, गन्ना मंत्री सुरेश राणा व सांसद प्रदीप चौधरी भी मौजूद हैं। अमित शाह लोगों से घर-घर जाकर आने वाली दस फरवरी को भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। मौसम में खराबी के कारण वह आधा घंटा विलंब से तीन बजे आए हैं। यहां टीचर्स कालोनी में जनसंपर्क करने के बाद पलायन पीडि़त साधु यादव के घर जाएंगे। वहीं दूसरी भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा बिजनौर पहुंचे हैं। मौसम की खराबी के कारण नड्डा करीब दो घंटे देरी से यहां पर आए हैं। कुछ देर बाद पदाधिकारियों और प्रत्याशियों की बैठक लेंगे।
सुबह से खराब मौसम
शनिवार को सुबह से ही पूरे वेस्ट यूपी में बारिश और धुंध के कारण मौसम खराब बना हुआ है। ऐसे में मेरठ, शामली, बिजनौर और सहारनपुर आने वाले भाजपा नेताओं के आगमन में देरी की संभावना पहले से जताई जा रही थी। स्थानीय भाजपा नेताओं ने सभी नेताओं के आने की पुष्टि की थी, साथ ही कहा है कि इन नेताओं के यहां पहुंचने में कुछ विलंब हो सकता है। कार्यक्रम की सभी तैयारियां कर ली गई है। सुबह से हो रही बूंदाबांदी के कारण आमजन भी प्रभावित हुआ है।
भाजपा नेता पहुंंचे
इस बीच कैराना में व्यापारी राकेश उर्फ टीटू की प्रतिष्ठान पर भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी व कैराना सांसद प्रदीप चौधरी पहुंचे। कैराना में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जोड़वा कुआं में साधुराम हलवाई के यहां आएंगे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मीडियाकर्मियों का भी जमावड़ा है।




