UN Security Council Committee: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की आतंकवाद निरोधक समिति की विशेष बैठक का आज दूसरा दिन है. दिल्ली के ताज पैलेस में यह बैठक जारी है. इस दौरान विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर (S. Jaishankar) ने आज फिर आतंकवाद को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. उनका कहना है कि हाल के सालों में आतंकवादी समूहों ने विशेष रूप से खुले और उदार समाजों में तकनीक तक पहुंच प्राप्त करके अपनी क्षमताओं को बढ़ाया है.
जयशंकर ने कहा, “आतंकवादी स्वतंत्रता, सहिष्णुता और प्रगति पर हमला करने के लिए खुले समाज की तकनीक, धन और लोकाचार का उपयोग करते हैं. समाज को अस्थिर करने के उद्देश्य से प्रचार, कट्टरता और षड्यंत्र के सिद्धांतों को फैलाने के लिए इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म आतंकवादियों और आतंकवादी समूहों के टूलकिट में शक्तिशाली उपकरण बन गए हैं.”
‘आतंकवाद जैसे ख़तरे से निपटना जरूरी’
उन्होंने कहा कि सीटीसी की इस विशेष बैठक के लिए आज दिल्ली में आप सबकी उपस्थिति यहां पर हुई है, जोकि UNSC के सदस्य, सदस्य देशों के आतंकवाद के महत्वपूर्ण और उभरते हुए पहलूओं पर ध्यान केंद्रीत करने को दर्शाती है. आतंकवाद मानवता के ऊपर सबसे बड़े ख़तरों में से एक है. UNSC ने पिछले 2 दशकों मेंआतंकवाद जैसे ख़तरे से निपटने के लिए मुख्य रूप से आतंकवाद विरोधी प्रतिबंध व्यवस्था के आसपास निर्मित एक महत्वपूर्ण वास्तुकला विकसित की है.




