Russia Ukraine War Live: अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि रूस पर प्रतिबंध लगने से भारत की भी मुश्किलें बढ़ेंगी। सीनेट फॉरेन रिलेशन कमेटी की बैठक में एक अधिकारी ने कहा कि अब हथियारों से जुड़े हार्डवेयर रूस से लेने में भारत को परेशानी होगी। यूक्रेन पर हमले की वजह से दुनिया के तमाम देशों ने रूस पर प्रतिबंध लगाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि उनका कहना था कि अमेरिका S-400 एयर डिफेंस की खरीद पर रोक लगाने की बात पर विचार नहीं कर रहा। भारत उसका साझीदार है।
अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) के अभियोजक ने एक जांच शुरू की है। वो यूक्रेन में रूस की सैन्य कार्रवाई के दौरान नागरिकों की मौत, संपत्ति नुकसान को देखेंगे। आईसीसी के अभियोजक करीम खान ने बुधवार देर रात उस समय जांच की घोषणा की, जब अंतरराष्ट्रीय अदालत के दर्जनों सदस्य देशों ने उनसे मामले में कार्रवाई करने का आग्रह किया। ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस ने कहा कि आईसीसी को यूक्रेन जाने की जरूरत है। इसके जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना जरूरी है। ब्रिटेन न्याय के लिए अपने सहयोगियों के साथ मिलकर काम करेगा।
रूस और यूक्रेन के बीच जंग को आज (तीन मार्च, 2022) आठवां दिन है। यह युद्ध किस ओर जा रहा है? यह फिलहाल कोई नहीं जानता, पर आज देर शाम दोनों मुल्कों के बीच दूसरे दौर की वार्ता है, जबकि इससे पहले वाली बातचीत बेनतीजा रही थी। इस बीच, परमाणु हमले की धमकी पर रूसी विदेश मंत्री ने कहा है कि उनकी ओर से ऐसा कुछ भी नहीं कहा गया है, जबकि यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की बोले हैं- यूक्रेन की तरफ से 16 हजार लड़ाके लड़ेंगे।
बता दें कि रूस ने यूक्रेन के कीव, खारेसान और खारकीव में हमले तेज रखे। इस दौरान खारकीव में जबदस्त तबाही की खबर है। इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने फिर से हुंकार भरी है। उन्होंने चेताते हुए कहा है कि जो भी उनके मुल्क में घुसेगा या फिर हमला करेगा, वह उसे कड़ा जवाब देंगे। साथ ही जो उन लोगों (यूक्रेनियों) का है, वह वे किसी और को नहीं देंगे।
वहीं, विदेशी मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से कुछ समाचार चैनल्स ने बताया कि खारकीव में रक्षा विभाग के हेडक्वार्टर पर क्रूज मिसाइल अटैक किया गया है। इस बीच, खारकीव में रात भर की गई बमबारी में आठ लोगों के मारे जाने की खबर है। मृतकों में कौन-कौन (मुल्क आदि) शामिल था? यह फिलहाल साफ नहीं हो सका है।
बता दें कि रूस और संकटग्रस्त यूक्रेन के बीच जंग फिलहाल जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वहां के दूसरे सबसे बड़े शहर खेरासन पर रूसी सेना का कब्जा हो गया है, जबकि कीव के भी कई हिस्सों में धमाके हुए। इस बीच, रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा है कि एक-एक छात्र-छात्रा को वहां से भारत सुरक्षित लाया जाएगा।
इस बीच, विदेश मंत्रालय की ओर साफ किया गया है कि यूक्रेन में कोई भी भारतीय को बंधक नहीं बनाया गया है और न ही उन्हें इस बारे में जानकारी है। दरअसल, बुधवार को कुछ खबरों में दावा किया गया था कि यूक्रेन में कुछ भारतीय छात्र-छात्राओं को बंधक बना लिया गया है।
उधर, खबर है कि यूक्रेन की तरह सोवियत संघ का हिस्सा रहा जॉर्जिया यूरोपियन यूनियन में हिस्सा बन सकता है। बता दें कि आज रूस और यूक्रेन के बीच जंग का आठवां दिन है। पर युद्ध रूकने के आसार नहीं नजर नहीं आ रहे हैं।



