जन नायकन को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार खत्म हो गया है। मद्रास हाईकोर्ट ने फिल्म की रिलीज को मंजूरी देते हुए केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) को फिल्म के लिए यूए सर्टिफिकेट जारी करने का आदेश दिया है। इस फैसले के बाद थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है।
दरअसल, थलपति विजय की यह फिल्म 9 जनवरी को रिलीज होने वाली थी, लेकिन CBFC से सर्टिफिकेट न मिलने के कारण रिलीज रोक दी गई थी। सर्टिफिकेशन में हो रही देरी के खिलाफ फिल्म निर्माताओं ने हाईकोर्ट का रुख किया था। शुक्रवार को कोर्ट ने निर्माताओं की याचिका स्वीकार करते हुए CBFC को तुरंत यूए सर्टिफिकेट जारी करने का निर्देश दिया।
क्या था सर्टिफिकेशन विवाद
फिल्म का विवाद तब शुरू हुआ जब CBFC के एक सदस्य ने चेयरपर्सन को शिकायत भेजी और कहा कि यूए सर्टिफिकेट देने से पहले उनकी आपत्तियों पर ध्यान नहीं दिया गया। इस शिकायत के बाद फिल्म को रिवाइजिंग कमेटी के पास भेज दिया गया, जिससे रिलीज लगातार टलती रही।
निर्माताओं ने कोर्ट में दलील दी कि फिल्म न तो रिलीज हुई थी और न ही किसी तीसरे पक्ष को दिखाई गई थी, ऐसे में शिकायत के आधार पर सर्टिफिकेट रोकना मनमाना और अनुचित है। उन्होंने कोर्ट से तुरंत सर्टिफिकेट जारी करने की मांग की थी।
कोर्ट ने क्या कहा
हाईकोर्ट ने CBFC चेयरपर्सन द्वारा फिल्म को रिव्यू कमेटी के पास भेजने के आदेश को रद्द कर दिया और कहा कि यह फैसला क्षेत्राधिकार से बाहर था। कोर्ट ने साफ किया कि जब स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिशों के अनुसार जरूरी कट पहले ही लगाए जा चुके हैं, तो सर्टिफिकेट रोकने का कोई आधार नहीं बनता।
अब रिलीज का रास्ता साफ
‘जन नायकन’ को पहले स्क्रीनिंग कमेटी ने देखा था और कुछ सीन व डायलॉग्स में मामूली कट्स की सिफारिश की थी, जिन्हें निर्माता पहले ही पूरा कर चुके थे। कोर्ट के ताजा आदेश के बाद अब फिल्म को यूए सर्टिफिकेट मिलना तय है और जल्द ही रिलीज की नई तारीख का ऐलान किया जा सकता है।
फिल्म का निर्देशन एच. विनोथ ने किया है और इसे केवीएन प्रोडक्शंस ने बनाया है। फिल्म में थलपति विजय के साथ पूजा हेगड़े और ममिता बैजू अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। मेकर्स इसे चार भाषाओं में 22 देशों में रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं।




