अब रुक जाओ…भाजपा राज में LPG की कीमतें 157% बढ़ीं- महंगाई को लेकर केंद्र पर भड़के राहुल

अब रुक जाओ…भाजपा राज में LPG की कीमतें 157% बढ़ीं- महंगाई को लेकर केंद्र पर भड़के राहुल

नई दिल्ली, देश में बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि बीजेपी सरकार में गैस सिलेंडर के दाम 157% बढ़े हैं। बता दें कि राहुल गांधी लगातार महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साध रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को भी उन्होंने ट्वीट कर मोदी सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने जीएसटी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा है।

राहुल गांधी ने शनिवार को ट्वीट करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री ने कहा- 133 करोड़ भारतीय हर बाधा से कह रहे हैं, दम है तो हमें रोको। भाजपा राज में एलपीजी कीमतें 157% बढ़ीं, रिकॉर्ड-तोड़ महंगा पेट्रोल, गब्बर टैक्स की लूट और बेरोज़गारी की सुनामी आयी। असल में जनता PM से कह रही है- आपकी बनायी इन बाधाओं ने दम निकाल दिया है, अब रुक जाओ।”

दो दिन पहले ही राहुल गांधी ने 2014 के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयानों को लेकर निशाना साधा था। राहुल गांधी ने एक पोस्टर शेयर कर लिखा था कि हेडलाइन मैनेज की जा रही है जबकि इकोनॉमी मिसमैनेज हो रही है। जीएसटी के 5 साल पूरे होने पर भी राहुल गांधी ने इसको लेकर सरकार को घेरा था। बता दें कि राहुल गांधी ने ही जीएसटी लागू होने पर इसे गब्बर सिंह टैक्स करार दिया था।

बता दें कि बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने भी महंगाई को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है और गैस सिलिंडर न भरवा पाने वाली महिलाओं का दर्द भी बयां किया है। बीजेपी सांसद ने एक रिपोर्ट भी शेयर की, जिसमें यह दिखाया गया है कि किस प्रकार की समस्याओं का सामना गरीब महिलाओं को करना पड़ रहा है।

वरुण गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि महिलाएं गैस नहीं भरवा पाईं, जिसके कारण महीनों से उनके पासबुक पर एंट्री नहीं है। उन्होंने लिखा, “चूल्हे पर लकड़ियां जल रही हैं और लाल सिलेंडर सजावट की वस्तु बना हुआ है। गैस के पासबुक के पन्नों में महीनों से कोई एंट्री नहीं चढ़ी है। ये उन लाखों महिलाओं का दर्द है, जिन्हें हमने ‘धुएँ से आज़ादी’ का सपना दिखाया था। यह वही महिलाएं हैं जिन्होंने हम पर सबसे अधिक भरोसा जताया था।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related