बांद्रा, सैफ अली खान पर हुए हमले के आरोपी की पहली तस्वीर सामने आ गई है। बीती रात एक व्यक्ति चोरी के इरादे से उनके घर में घुसा और सैफ पर चाकू से छह वार किए। हमले के बाद सैफ को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सर्जरी हुई।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को रात 2:33 बजे सीढ़ियों से भागते हुए देखा गया। उसके पीठ पर एक बैग टंगा हुआ था। मुंबई पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और उसने आरोपी की पहचान कर ली है। पुलिस उसके घर भी पहुंची, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं था। फिलहाल पुलिस की 10 टीमें और क्राइम ब्रांच की 8 टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
डॉक्टरों ने बताया कि सैफ की रीढ़ की हड्डी में चाकू का एक हिस्सा फंस गया था, जिसे सर्जरी कर निकाला गया। उनके बाएं हाथ और गर्दन पर भी गहरे घाव थे, जिन्हें प्लास्टिक सर्जरी से ठीक किया गया है। सैफ अली खान की हालत स्थिर है और जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। हमलावर ने फायर एस्केप स्टेयरकेस के जरिए घर में प्रवेश किया था और नौकरानी के चिल्लाने पर सैफ को बचाने के दौरान उन पर हमला कर दिया।




