नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का अभिभाषण पिछली बार की तरह ही था और सरकार द्वारा किए गए कार्यों की एक ही सूची दोहराई गई।
बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने कहा, “हम बढ़ रहे हैं, लेकिन अब धीमी गति से बढ़ रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी की है, जिसका समाधान न तो यूपीए सरकार कर पाई और न ही वर्तमान एनडीए सरकार। युवाओं को रोजगार देने पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया है।”
‘मेक इन इंडिया’ अच्छा विचार था लेकिन असफल रहा
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मेक इन इंडिया’ योजना पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह एक अच्छा विचार था, लेकिन इसके नतीजे हमारे सामने हैं। 2014 में विनिर्माण जीडीपी 15.3% थी, जो अब गिरकर 12.6% रह गई है। यह पिछले 60 वर्षों में सबसे कम है। मैं प्रधानमंत्री को दोष नहीं दे रहा, उन्होंने प्रयास किया, लेकिन वे असफल रहे।”
राहुल गांधी के इस बयान पर सत्ता पक्ष के सांसदों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी, जिससे सदन में हंगामे की स्थिति बन गई।




