नई दिल्ली: दिल्ली की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है। रेखा गुप्ता ने राजधानी की चौथी महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। ऐतिहासिक रामलीला मैदान में हुए भव्य समारोह में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ ही प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और डॉ. पंकज कुमार सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। समारोह में बीजेपी और NDA के अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही।
रेखा गुप्ता ने जनता को दिया भरोसा
शपथ ग्रहण के बाद रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा, “यह एक चमत्कार जैसा है। बहनों के जीवन में नया अध्याय शुरू हुआ है। अगर मैं मुख्यमंत्री बन सकती हूं, तो हर बहन के लिए रास्ते खुले हैं।” उन्होंने दिल्लीवासियों से किए गए वादों को पूरा करने का संकल्प लिया और भ्रष्टाचारियों पर कड़ा रुख अपनाने की बात कही।
भ्रष्टाचार पर होगी सख्ती, जनता से किए वादे होंगे पूरे
नई मुख्यमंत्री ने साफ किया कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार पर कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा, “हर एक रुपये का हिसाब लिया जाएगा और जनता को पारदर्शी शासन मिलेगा।”
रेखा गुप्ता की ताजपोशी के साथ दिल्ली की राजनीति में नया मोड़ आ गया है। अब देखना होगा कि वह अपने कार्यकाल में राजधानी की जनता की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती हैं।




