
नई दिल्ली, 24जनवरी 2021
तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी तमिलनाडु के दौरे पर हैं। आज तमिलनाडु के इरोड में राहुल गांधी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि, “मैं आपको यह बताने नहीं आया कि आपको क्या करना है और न ही आपको अपने मन की बात बताने आया हूं, मैं यहां आपको सुनने आया हूं, आपकी परेशानियों को समझने और उनको हल करने आया हूं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा था कि पीएम मोदी तमिलनाडु की आत्मा, भाषा, संस्कृति या इतिहास को नहीं समझते हैं, फिर भी वह केंद्रीय जांच एजेंसियों के माध्यम से राज्य सरकार को नियंत्रित कर रहे हैं।
कोयम्बटूर में एक रोड शो के दौरान राज्य के लोगों को संबोधित करते हुए, कांग्रेस नेता ने कहा था कि उनका राज्य के साथ पारिवारिक संबंध है और वह अपनी दादी और पिता के साथ प्रेम संबंध रखने के लिए तमिलनाडु के लोगों के ऋणी हैं। “दिल्ली में एक सरकार है जो तमिल संस्कृति, भाषा और इतिहास को दबाना चाहती है। और प्रधान मंत्री का मानना है कि भारत में केवल एक ही भाषा, एक संस्कृति और एक विचार होना चाहिए। प्रधान मंत्री का मानना है कि पूरे भारत को केवल एक व्यक्ति की पूजा करनी चाहिए जिसका नाम है नरेंद्र मोदी। वह तमिल लोगों की भावना को नहीं समझते हैं।” कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्होंने तमिल लोगों के अधिकारों के लिए लड़ने के लिए राज्य का दौरा किया है।
गांधी ने आगे दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाएं जैसे नोटबंदी और गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (जीएसटी) राज्य में छोटे और मध्यम उद्योगों को नष्ट कर रही हैं और कहा कि केंद्र सरकार केवल 5-6 उद्योगपतियों के पक्ष में काम कर रही है।







