महाकुंभ में महंगे विमान किराए पर राघव चड्ढा का सवाल, सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की

नई दिल्ली, महाकुंभ के दौरान प्रयागराज जाने वाली फ्लाइट्स के अत्यधिक किराए पर आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने सवाल उठाए हैं। चड्ढा ने फ्लाइट्स कंपनियों पर श्रद्धालुओं की आस्था को पैसा कमाने का जरिया बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने सरकार से अपील की है कि फ्लाइट्स के किराए की समीक्षा कर इसे नियंत्रित करने के लिए गाइडलाइन्स बनाई जाएं।

किराए में भारी वृद्धि
राघव चड्ढा ने एक वीडियो जारी करते हुए बताया कि सामान्य दिनों में 5 हजार रुपए में उपलब्ध फ्लाइट टिकट अब 50 से 70 हजार रुपए में बेचे जा रहे हैं। उन्होंने इसे “सरेआम लूट” करार देते हुए कहा कि बढ़े हुए किराए के कारण श्रद्धालु महाकुंभ में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। दिल्ली से प्रयागराज की फ्लाइट, जो सामान्य दिनों में 3-5 हजार रुपए में उपलब्ध होती है, अब 40 हजार रुपए तक पहुंच गई है। वहीं, हैदराबाद और भुवनेश्वर जैसे शहरों से आने वाली फ्लाइट्स का किराया 55-60 हजार रुपए तक पहुंच चुका है।

सरकार से हस्तक्षेप की मांग
चड्ढा ने केंद्र सरकार से इस मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार को विमान परिचालन करने वाली कंपनियों पर सख्त गाइडलाइन्स लागू करनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को आस्था के इस बड़े आयोजन में शामिल होने से वंचित न रहना पड़े। चड्ढा ने सवाल उठाया कि आखिर कैसे 5 हजार का टिकट 50 हजार का हो गया? उन्होंने इसे श्रद्धा और आस्था के साथ खिलवाड़ बताया।

केंद्र सरकार हुई सक्रिय
फ्लाइट्स के बढ़े हुए किराए पर हो रहे विरोध के बाद केंद्र सरकार ने मामले का संज्ञान लिया है। सरकार ने फ्लाइट ऑपरेटरों को चेतावनी देते हुए किराए की समीक्षा की प्रक्रिया शुरू की है। महाकुंभ जैसे बड़े आयोजन में बढ़ी हुई मांग का फायदा उठाने के लिए कंपनियों पर सवाल उठ रहे हैं।

श्रद्धालुओं में नाराजगी
महाकुंभ सनातन समाज के लिए आस्था और श्रद्धा का बड़ा केंद्र है। ऐसे में फ्लाइट्स के महंगे किराए से लोगों में नाराजगी है। आम आदमी पार्टी समेत अन्य राजनीतिक दलों ने भी सरकार से इस मुद्दे पर ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Share post:

Popular

More like this
Related