जालंधर। जैसे-जैसे पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तिथि 20 फरवरी निकट आ रही है, आम आदमी पार्टी (आप) सहित विभिन्न दलों ने राजनीतिक सरगर्मी तेज कर दी है। आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को फिल्लौर विधानसभा क्षेत्र में टाउन हाल बैठक में कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने चुन चुन कर ईमानदार लोगों को टिकट दी है।
केजरीवाल बोले- एक-दूसरे के खिलाफ एक्शन नहीं लेते कांग्रेस और शिअद
केजरीवाल ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर भी निशाना साधा। बोले कि उन पर रेत चोरी के आरोप हैं, उनके घर ईडी की रेड हुई है, नोटों की गड्डियां मिली हैं। उनको मात्र 111 दिन मिले थे और उसमें ही उन्होंने कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। रेता चोरों की सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य का स्तर कैसे ऊपर उठा सकती है।
पंजाब के सरकारी कार्यालयों में लगेंगे शहीद भगत सिंह और बाबा साहब के चित्र
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं बाबा साहब आंबेडकर का भगत हूं और उनकी पूजा करता हूं। आने वाली पीढ़ियां यकीन नहीं करेंगी कि बाबा साहब जैसा इंसान धरती पर पैदा भी हुआ था। उन्होंंने कहा कि 26 जनवरी को दिल्ली में एलान किया है कि अब दिल्ली सरकार के किसी कार्यालय में भी मुख्यमंत्री की फोटो नहीं लगेगी बल्कि बाबा साहब आंबेडकर और शहीद भगत सिंह की ही फोटो लगेगी। पंजाब में भी ऐसा ही होगा। आगामी कुछ ही दिन में वह और भगवंत मान इस संबंध में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। अंत में उन्होंने कहा कि आज पंजाब के लोगों के पास आप के तौर पर एक विकल्प है। कांग्रेस को 26 साल दिए। अकालियों को 19 साल दिए। एक बार केजरीवाल और भगवंत मान की जोड़ी को मौका देकर देखो।
इससे पहले, टाउन हाल में सबसे पहले आप के प्रत्याशी प्रिंसिपल प्रेम कुमार ने फिल्लौर हलके की समस्याएं गिनाईं। उसके बाद सीएम फेस भगवंत मान ने अपने अंदाज में लोगों के प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्होंने हवा, पानी और जमीन को लेकर बड़ी बात कही।
भगवंत मान ने कहा कि एक पूरी नहर बादल परिवार के खेतों में जाकर खत्म हो जाती है जबकि सारा पंजाब मोटर से पानी निकाल रहा है। पानी 500 फीट नीचे चला गया है। हरिके पत्तन से जितना पानी पाकिस्तान को जाना चाहिए, उससे भी ज्यादा जा रहा है। आप की सरकार बनने पर नहरी पानी को बढ़ावा दिया जाएगा। परंपरागत फसली चक्कर से किसानों को निकाला जाएगा। एमएसपी प्रदान की जाएगी। हवा पानी और जमीन को अहम दर्जा प्रदान किया जाएगा।
खेती किसानी पर एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि आप की सरकार बनने पर यह नीति लाई जाएगी कि एक बार किसान अपनी फसल लेकर मंडी में प्रवेश कर गया तो फिर वह फसल सरकार की होगी। आढ़ती और किसान के रिश्ते को और मजबूत बनाया जाएगा। इंडस्ट्री को प्रोत्साहित करने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू होगा। हम नशे के ठेकों के बजाय युवाओं के हाथ में टिफिन पकड़ना चाहते हैं। शर्त यही होगी कि इंडस्ट्री स्थानीय युवाओं को नौकरी देगी।
विदेश जा रहे युवाओं को लेकर एक प्रश्न के उत्तर में भगवंत मान ने कहा आप की सरकार बनने पर इतने रोजगार के मौके पंजाब में पैदा करेंगे कि यूथ बाहर नहीं जाएंगे। उलटा, विदेश में सेटल हो चुके यूथ को भी वापस बुला लेंगे।
इससे पहले जालंधर से फिल्लौर की ओर जाते हुए जालंधर के बीएसएफ चौक में आप के वालंटियर अरविंद केजरीवाल का अभिवादन करने के लिए एकत्र हुए परंतु दिल्ली के मुख्यमंत्री का काफिला वहां नहीं रुका। अरविंद केजरीवाल ने कार से ही हाथ हिलाकर स्वयंसेवकों का अभिभादन स्वीकार किया और आगे बढ़ गए।
फिल्लौर में सजी चुनावी बिसात
बता दें कि फिल्लौर हलके (आरक्षित) में चुनावी बिसात बिछ चुकी है। कांग्रेस ने यहां से पिछली बार चुनाव हारने वाले सांसद संतोख सिंह चौधरी के बेटे बिक्रमजीत सिंह चौधरी को दोबारा मैदान में उतारा है। शिअद-
बसपा की ओर से निवर्तमान विधायक बलदेव सिंह खैहरा मैदान में हैं तो भाजपा गठबंधन में शामिल शिअद संयुक्त ने पांच बार विधायक रहे पूर्व मंत्री सरवण सिंह फिल्लौर को मैदान में उतारा है।




