नई दिल्ली: छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती के अवसर पर उनकी वीरता, दूरदर्शिता और भक्ति को समर्पित फिल्म “द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज” का पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। इस भव्य ऐतिहासिक फिल्म में मशहूर कन्नड़ अभिनेता ऋषभ शेट्टी मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।
शिवाजी महाराज के गौरव को पर्दे पर उतारने की कोशिश
यह फिल्म भारतीय इतिहास के सबसे प्रेरणादायक योद्धाओं में से एक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और संघर्ष को दर्शाएगी। फिल्म में उनकी वीरता, रणकौशल, नीति और स्वराज्य की भावना को जीवंत किया जाएगा। इस मौके पर अभिनेता ऋषभ शेट्टी ने कहा, “छत्रपति शिवाजी महाराज सिर्फ एक योद्धा नहीं थे, बल्कि वह स्वराज्य की आत्मा थे। उनका किरदार निभाना मेरे लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है। मैं पूरी कोशिश करूंगा कि उनकी विरासत को सही रूप में प्रस्तुत कर सकूं।”
2027 में बड़े पर्दे पर आएगी यह ऐतिहासिक फिल्म
फिल्म के निर्देशक संदीप सिंह ने इस प्रोजेक्ट को ऐतिहासिक और भव्य बताया। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक श्रद्धांजलि है। शिवाजी महाराज की कहानी भारत के गौरवशाली अतीत को दर्शाती है। हम इसे बड़े पैमाने पर दिखाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि उनकी प्रेरणादायक गाथा हर दिल तक पहुंचे।”
फिल्म “द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज” 21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी। पोस्टर में ऋषभ शेट्टी को एक दमदार लुक में दिखाया गया है, जो शिवाजी महाराज के पराक्रम और साहस को प्रतिबिंबित करता है।
शिवाजी महाराज की जयंती पर मिला तोहफा
395वीं जयंती के खास मौके पर इस फिल्म की घोषणा भारतीय इतिहास प्रेमियों और सिनेमा दर्शकों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है। यह फिल्म शिवाजी महाराज की असाधारण रणनीति, उनके युद्ध-कौशल, और भारतीय संस्कृति के प्रति उनके समर्पण को दुनिया के सामने लाने का कार्य करेगी।
इस फिल्म को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। ऋषभ शेट्टी की जबरदस्त फैन फॉलोइंग और उनकी दमदार अभिनय शैली से यह फिल्म ऐतिहासिक फिल्मों के प्रेमियों के लिए एक भव्य अनुभव साबित हो सकती है। अब दर्शकों को 2027 का इंतजार है, जब वह बड़े पर्दे पर शिवाजी महाराज की गौरवशाली गाथा को देख सकेंगे।




