नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए परीक्षा पे चर्चा 2025 कार्यक्रम का दूसरा एपिसोड जारी किया गया, जिसमें बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने छात्रों से बातचीत की और मेंटल हेल्थ पर खासतौर से बात की। प्रधानमंत्री मोदी ने इस एपिसोड को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर करते हुए लिखा, “इस साल परीक्षा पे चर्चा में मेंटल हेल्थ पर एक खास एपिसोड किया गया है। इस पर आपको दीपिका पादुकोण की बातों को जरूर सुनना चाहिए।”
बचपन की शरारतों को किया याद
चर्चा के दौरान दीपिका ने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए बताया कि उन्हें खेल और गतिविधियों का बहुत शौक था। उन्होंने कहा, “मैं बचपन में बहुत शरारती थी। आज भी मेरे माता-पिता कहते हैं कि आप दीपिका को कभी भी जमीन पर नहीं पाएंगे। मैं हमेशा सोफे, टेबल और कुर्सियों पर कूदती रहती थी। मुझे एक्स्ट्रा-करिकुलर (पाठ्येतर) गतिविधियों में अधिक रुचि थी।”
छात्रों को तनाव और दबाव से निपटने की दी सलाह
दीपिका पादुकोण, जो खुद मेंटल हेल्थ अवेयरनेस की बड़ी समर्थक रही हैं, ने छात्रों को परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव से निपटने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “उन चीजों पर फोकस करें जिन्हें आप कंट्रोल कर सकते हैं। अपने माता-पिता और शिक्षकों से अपने तनाव के बारे में बात करें, इसके कारण की पहचान करें और इसे किसी ऐसे व्यक्ति को बताएं जिस पर आप भरोसा करते हैं।”
छात्रों के साथ खेला दिलचस्प गेम
इस दौरान दीपिका ने छात्रों के साथ एक गेम भी खेला, जिसका नाम 5,4,3,2,1 था। इस गेम के तहत:
5 चीजें बतानी थीं जिन्हें छात्र अभी देख सकते हैं।
4 चीजें जिन्हें वे छू सकते हैं।
3 चीजें जिन्हें वे सुन सकते हैं।
2 चीजें जिन्हें वे सूंघ सकते हैं।
1 चीज जिसका वे स्वाद ले सकते हैं।
मेंटल हेल्थ को लेकर किया जागरूक
इससे पहले, मंगलवार को दीपिका पादुकोण ने परीक्षा पे चर्चा में अपनी भागीदारी की घोषणा करते हुए इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था। उन्होंने शिक्षा में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया और इस एपिसोड में शामिल होने को लेकर उत्साह व्यक्त किया।
पीएम मोदी की परीक्षा पे चर्चा 2025
परीक्षा पे चर्चा 2025 की शुरुआत 10 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी ने की थी। इस बार कार्यक्रम को कई अलग-अलग एपिसोड में आयोजित किया जा रहा है। पहले एपिसोड की शूटिंग दिल्ली के सुंदर नर्सरी में की गई थी, जहां पीएम मोदी ने देशभर से आए छात्रों से संवाद किया था। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण PIB इंडिया, प्रधानमंत्री मोदी के यूट्यूब चैनल और शिक्षा मंत्रालय के सोशल मीडिया पर किया जा रहा है।
आने वाले एपिसोड्स में विभिन्न क्षेत्रों की अन्य हस्तियां भी छात्रों के साथ संवाद करेंगी और सफलता के मंत्र साझा करेंगी।




