नई दिल्ली। शीतकालीन सत्र के दौरान संसद में विपक्ष भले ही हंगामा कर माहौल गर्म करने की कोशिश कर रहा हो, लेकिन विपक्षी गठबंधन के अंदर सीटिंग अरेंजमेंट को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। 18वीं लोकसभा की नई सिटिंग व्यवस्था के तहत अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद को दूसरी पंक्ति में सीट दी गई है, जिससे समाजवादी पार्टी (सपा) नाराज हो गई है।
कांग्रेस ने अयोध्या सांसद को पीछे क्यों भेजा?
सपा प्रमुख अखिलेश यादव इस बदलाव से नाराज हैं, क्योंकि उनका कहना है कि सिटिंग व्यवस्था में बदलाव करने से पहले उन्हें विश्वास में लिया जाना चाहिए था। इंडिया गठबंधन में कांग्रेस प्रमुख विपक्षी दल है और उसे अपने सहयोगी दलों को सीटें आवंटित करनी होती हैं। कांग्रेस ने पहले पंक्ति में सपा सांसदों के बैठने की संख्या दो से घटाकर एक कर दी है। अब, अखिलेश यादव को ही अगली पंक्ति में बैठने का स्थान मिला है, जिससे वे असंतुष्ट हैं।
डिंपल यादव ने स्पीकर के सामने उठाया मामला
इस बीच, डिंपल यादव ने सीटिंग व्यवस्था को लेकर स्पीकर के सामने यह मामला उठाया और स्पीकर से अनुरोध किया कि अगली पंक्ति में एक और सीट दी जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि स्पीकर उनकी बात सुनेंगे। अब तक, अवधेश प्रसाद पहली पंक्ति में नेता विपक्ष राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बगल में बैठते थे, लेकिन नई व्यवस्था के तहत वे अब अखिलेश के पीछे वाली पंक्ति में दिखाई देंगे।




