ICC टूर्नामेंट के फाइनल में भारत पर भारी न्यूजीलैंड, इस रिकॉर्ड ने बढ़ाई टीम इंडिया की टेंशन

नई दिल्ली: ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है। हालांकि, न्यूजीलैंड की यह जीत भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए चिंता का कारण बन सकती है, क्योंकि आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड कमजोर रहा है।

ICC फाइनल में न्यूजीलैंड के सामने कमजोर पड़ा भारत

टीम इंडिया भले ही चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अब तक शानदार प्रदर्शन कर रही हो, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी फाइनल मुकाबलों का इतिहास डराने वाला है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक दो आईसीसी फाइनल खेले गए हैं, और दोनों में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है।

पहली बार दोनों टीमें चैंपियंस ट्रॉफी 2000 के फाइनल में भिड़ीं, जहां न्यूजीलैंड ने भारत को 4 विकेट से हराया था। इसके बाद, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021 के फाइनल में भी भारत को 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। इसके अलावा, 2024 में न्यूजीलैंड ने भारत को उसकी ही जमीन पर 3-0 से टेस्ट सीरीज में हराकर क्लीन स्वीप किया था, जो भारतीय क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ था।
NEWS.COM.AU

भारत की हालिया फॉर्म दिला सकती है राहत

हालांकि, आईसीसी वनडे टूर्नामेंट की बात करें तो भारत का पलड़ा न्यूजीलैंड के खिलाफ भारी रहा है। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 8 मैच जीते हैं, जबकि 7 में कीवी टीम को जीत मिली है। खास बात यह है कि भारत ने पिछले तीन आईसीसी वनडे टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड को हराया है।

पिछले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन

भारत ने न्यूजीलैंड को हाल ही में 44 रनों के अंतर से हराया था। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 249 रन बनाए थे और न्यूजीलैंड को 205 रनों पर ऑलआउट कर दिया था। इस जीत में वरुण चक्रवर्ती ने 42 रन देकर 5 विकेट लिए थे।

क्या इस बार टूटेगा न्यूजीलैंड का रिर्काड?

टीम इंडिया के पास इस बार इतिहास बदलने का मौका है। अगर रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम न्यूजीलैंड को हराने में कामयाब होती है, तो यह न केवल ट्रॉफी जीतने का बल्कि पिछले आईसीसी फाइनल हार के बदले लेने का भी सुनहरा मौका होगा। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भारत इस बार न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में अपनी हार की लकीर को मिटा पाता है या नहीं।

Share post:

Popular

More like this
Related