कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने आज लगातार दूसरे दिन पेशी है। सोमवार को राहुल गांधी से ईडी ने करीब साढ़े 8 घंटे पूछताछ की थी। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता राहुल की पेशी का विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस के सभी मुख्यमंत्री दिल्ली में हैं और प्रदर्शन में हिस्सा ले रहे हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है और कहा कि देश आपको कभी माफ़ नहीं करेगा।
अशोक गहलोत ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, “दिल्ली पुलिस पर सरकार के दबाव की कोई कल्पना नहीं कर सकता। हम धारा 144 को समझ सकते हैं, लेकिन आप हमें कांग्रेस कार्यालय में आने से नहीं रोक सकते। देश में स्थिति बहुत गंभीर है। रामनवमी और शुक्रवार की नमाज पर सड़कों पर लोग उतर रहे हैं।”
अशोक गहलोत ने पीएम मोदी को भी नसीहत देते हुए कहा, “मैं मोदी जी से कहना चाहूंगा कि भगवान ने आपको देश का पीएम बनने का मौका दिया है। सीबीआई, इनकम टैक्स या ईडी से देश के लोगों के साथ ऐसा व्यवहार मत करो, वरना देश आपको कभी माफ नहीं करेगा। प्रधानमंत्री पद का सम्मान करना हमारा फर्ज बनता है और मैं पीएम से सम्मान के साथ ये कहना चाहूंगा। कानून सबके लिए समान है, लेकिन रात 12 बजे तक किसी से सवाल करना गलत है।”
वहीं अगले 18 महीनों में 10 लाख सरकारी नौकरी देने की पीएम की घोषणा पर कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “इसे ‘900 चूहे खाकर बिली हज को चली’ कहा जाता है। हम 50 साल में सबसे खराब रोजगार दर का अनुभव कर रहे हैं, रुपये का मूल्य 75 साल में सबसे कम है। कब तक पीएम ‘ट्विटर ट्विटर’ खेलकर हमारा ध्यान भटकाएंगे।”




