रविवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद उन्हें दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसकी जानकारी पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने दी। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, “कांग्रेस अध्यक्ष, श्रीमती सोनिया गांधी को आज कोविड से संबंधित समस्याओं के कारण गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत स्थिर है।
वहीं शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल की भी तबीयत खराब होने की खबर सामने आई है। उन्हें पंजाब के मोहाली में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार को पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि पंजाब के पूर्व सीएम बादल को उल्टी होने के बाद शनिवार रात में अस्पताल ले जाया गया था। फिलहाल अभी उनकी हालत स्थिर है। गौरतलब है कि बादल भी इस साल की शुरुआत में कोरोना संक्रमित हो गये थे।
बता दें कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी को नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पेश होने के लिए नई तारीख दी है। जिसमें राहुल गांधी को 13 जून और सोनिया गांधी को 23 जून को पेश होने के लिए कहा गया है। हालांकि सोनिया गांधी की तबीयत खराब होने से साफ नहीं है कि वो 23 जून को ईडी के सामने पेश होंगी या नहीं।
सोनिया गांधी खराब तबीयत और ईडी की तरफ से मिले नोटिस को लेकर सोशल मीडिया पर लोग अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। गिरीश(@gitishin85) नाम के एक यूजर ने लिखा, “जैसे-जैसे ईडी नोटिस की तारीख नजदीक आ रही है, कोविड रोग के लक्षण बिगड़ते जा रहे हैं और अगर ईडी ने उन्हें हिरासत में लिया तो तबीयत और भी खराब हो जाएगी।”
अंकित(ProudIndian2907) ने लिखा, “जल्दी ठीक करो, फिर ईडी भी तो जाना है।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “ईडी को आश्वासन देकर गंगाराम से छुट्टी लेने में उन्हें मदद करनी चाहिए कि वे उन्हें अगले एक साल तक नहीं बुलाएंगे।” एक अन्य ने कहा, “ईडी से डर गए, कहते थे कि हम इंदिरा की बहू हैं..किसी से नहीं डरती।”
गौरतलब है कि नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए लिखा, “श्रीमती सोनिया गांधी कहें रात है, श्री राहुल गांधी जी कहें रात है, यह सुबह सुबह की बात है, यह कांग्रेस का इतिहास है।”




