मुंबई: यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रणवीर इलाहाबादिया के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। विवादास्पद टिप्पणी को लेकर मुंबई पुलिस की एक टीम वर्सोवा स्थित उनके घर पहुंची। वहीं, असम पुलिस ने भी उनके खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रणवीर ने हास्य कलाकार समय रैना के यूट्यूब शो इंडियाज गॉट लैटेंट में एक प्रतियोगी के साथ बातचीत के दौरान आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस बयान पर व्यापक विरोध के बाद सोशल मीडिया पर उनके पॉडकास्ट को प्रतिबंधित करने की मांग तेज हो गई थी। सूचना प्रसारण मंत्रालय के निर्देश के बाद यूट्यूब ने वीडियो हटा दिया।
सोमवार को रणवीर ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वीडियो जारी कर माफी मांगी। उन्होंने कहा, “मुझे कॉमेडी नहीं आती। यह टिप्पणी अनुचित थी, और मजाकिया भी नहीं थी। मैं अपने मंच का सही उपयोग करने की कोशिश करूंगा।”
मुंबई में भाजपा और कांग्रेस के सदस्यों ने पुलिस व बांद्रा कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई है। गुवाहाटी पुलिस ने भी रणवीर और चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। असम पुलिस ने कहा कि वह मुंबई पुलिस के संपर्क में है और जल्द ही आरोपियों को समन भेजे जाएंगे।




