नई दिल्ली, मणिपुर में अपना दूसरा कार्यकाल चाह रही भाजपा ने सभी 60 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। मौजूदा मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह हिंगांग से चुनाव लड़ेंगे। सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री थंगोम बिस्वजीत सिंह थोंगजू से चुनाव लड़ेंगे। इस मौके पर भाजपा मणिपुर प्रभारी संबित पात्रा ने दावा किया कि राज्य में उनकी पार्टी दो तिहाई से ज्यादा बहुमत के साथ सरकार भी बनाएगी।
4 खिलाड़ियों को मिला टिकट
भाजपा ने मणिपुर में पूर्व फुटबॉलर एन बीरेन सिंह, लेतपाओ हाओकिप और सोमाताई शाइजा को मैदान में उतारा है। मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी युमनाम खेमचंद सिंह को भी टिकट दिया गया है। पार्टी ने तीन सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारियों ख. रघुमणि सिंह, येंगखोम सुरचंद्र सिंह और डिंगंगलुंग गंगमेई (दीपू) जिन्होंने हाल ही में वीआरएस लिया है, उनको भी टिकट दिया है। पार्टी ने तीन महिला उम्मीदवारों सोरैसम केबी देवी, एसएस ओलिश और नेमचा किपजेन को मैदान में उतारा है।
मोदी सरकार ने क्षेत्र की शांति सुनिश्चित कीः भूपेंद्र यादव
मणिपुर चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव ने इस मौके पर कहा कि मोदी सरकार ने सुनिश्चित किया है कि मणिपुर को एक स्थिर सरकार मिले और विकास और क्षेत्र की शांति सुनिश्चित हो। भूपेंद्र यादव ने घोषणा की कि भाजपा सभी 60 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और अपने दम पर बहुमत हासिल करेगी। बता दें कि वर्तमान में, भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार विधानसभा में बहुमत में है। इसमें 30 भाजपा विधायक और एनपीपी के तीन विधायक और चार एनडीएफ और तीन निर्दलीय शामिल हैं।
पिछली बार केंद्रीय नेतृत्व ने गिरने से बचाई थी सरकार
बता दें कि बीरेन सिंह ने 15 मार्च, 2017 को मणिपुर में सरकार बनाई थी। हालांकि, जून 2020 में इसे एक बड़ा झटका लगा था जब मंत्रियों सहित नौ विधायकों ने सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया, जिससे यह अल्पमत में आ गई थी। केंद्रीय नेतृत्व के हस्तक्षेप के एक सप्ताह के भीतर परिणामस्वरूप एनपीपी के चार विधायक एनडीए में वापस आ गए थे, जिससे सरकार गिरने से बच गई। गौरतलब है कि मणिपुर में दो चरणों 27 फरवरी और 3 मार्च को 60 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। परिणाम 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे।




