प्रयागराज, महाकुंभ 2025 को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट और वीडियो शेयर करने वालों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। नेपाल की एक घटना का वीडियो प्रयागराज महाकुंभ से जोड़कर वायरल करने के आरोप में आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
अफवाह फैलाने पर हुई कार्रवाई
मौनी अमावस्या के स्नान पर्व के दौरान भगदड़ की अफवाह फैलाने को लेकर पुलिस ने केस दर्ज किया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया गया था कि भगदड़ में एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई और शवों को कंधे पर ले जाना पड़ा।
वीडियो का फैक्ट चेक और पुलिस की चेतावनी
कुंभ मेला पुलिस ने इस वायरल वीडियो का फैक्ट चेक किया और पाया कि यह वीडियो नेपाल का है, जिसे भ्रामक तरीके से महाकुंभ से जोड़ा गया था। पुलिस ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि इस तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
29 जनवरी को मौनी अमावस्या स्नान के दौरान भगदड़ में 30 लोगों की मौत और 60 से अधिक लोगों के घायल होने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। बसंत पंचमी के अंतिम अमृत स्नान के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।




