भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। भारत न केवल तेजी से विकसित हो रहा है बल्कि वैश्विक निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य भी बन चुका है। उन्होंने कहा कि भारत अपनी विकासशील अर्थव्यवस्था के बल पर वैश्विक मंच पर एक नई पहचान बना रहा है और आने वाले वर्षों में भी यह वृद्धि जारी रहेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि बीते दो दशकों में मध्य प्रदेश ने परिवर्तन की नई कहानी लिखी है। कभी बिजली, पानी और कानून-व्यवस्था जैसी समस्याओं से जूझने वाला यह राज्य आज औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। उन्होंने बताया कि पहले जहां निवेशक मध्य प्रदेश में निवेश करने से हिचकिचाते थे, वहीं आज यह राज्य देश के टॉप निवेश स्थलों में गिना जाता है। उन्होंने सड़कों की गुणवत्ता पर जोर देते हुए कहा कि जिस राज्य में कभी खराब सड़कों के कारण बसें तक नहीं चल पाती थीं, वह आज भारत के सबसे उन्नत राज्यों में से एक बन चुका है।
भारत: दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है और विश्व बैंक ने भी इस तथ्य की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि भारत अब एयरोस्पेस उद्योग के लिए एक प्रमुख आपूर्ति श्रृंखला केंद्र बन रहा है और इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में भी देश में बड़ा परिवर्तन हो रहा है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में संयुक्त राष्ट्र की एक संस्था ने भारत को सौर ऊर्जा की महाशक्ति बताया था, जो यह दर्शाता है कि देश पर्यावरणीय स्थिरता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। वैश्विक अर्थनीति के विशेषज्ञों, विभिन्न देशों और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों को अब भारत से बड़ी उम्मीदें हैं।
मध्य प्रदेश की प्रगति और संभावनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने मध्य प्रदेश की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह राज्य देश का पांचवां सबसे बड़ा राज्य है और कृषि उत्पादन के मामले में शीर्ष राज्यों में शामिल है। इसके अलावा, खनिज संपदा के मामले में भी यह भारत के अग्रणी राज्यों में गिना जाता है।
पीएम मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश को जीवनदायिनी मां नर्मदा का आशीर्वाद प्राप्त है, जो इसे कृषि और जल संसाधनों के क्षेत्र में समृद्ध बनाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य में उपलब्ध असीम संभावनाओं के बल पर मध्य प्रदेश जल्द ही देश की जीडीपी में शीर्ष पांच राज्यों में शामिल होगा। बीते दो दशकों में हुए परिवर्तन ने इस राज्य को नए अवसरों और संभावनाओं से भर दिया है, जिससे यह निवेशकों के लिए एक आदर्श स्थान बन चुका है।




