नई दिल्ली, इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के लिए मेगा नीलामी 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा। इस नीलामी में 590 खिलाड़ियों की बोली लगेगी जिसकी लिस्ट बीसीसीआइ द्वारा जारी कर दी गई है। इस नीलामी में जिन खिलाड़ियों को शार्टलिस्ट किया गया है उसमें 370 भारतीय खिलाड़ी हैं जबकि 220 खिलाड़ी विदेशी हैं। इन खिलाड़ियों में भारत और ओवरसीज के कई बड़े-बड़े नाम शामिल हैं तो वहीं 2 करोड़ की बेस प्राइस वाले खिलाड़ियों की संख्या 48 है। इसके अलावा 20 खिलाड़ी डेढ़ करोड़ की बेस प्राइस वाले हैं तो वहीं 34 खिलाड़ियों ने अपना बेस प्राइस एक करोड़ रुपये रखा है।
दो करोड़ की बेस प्राइस वाले खिलाड़ी
अब हम बात करने जा रहे हैं ऐसे खिलाड़ियों की जिन्होंने अपना बेस प्राइस दो करोड़ रुपये रखा है। इन खिलाड़ियों में एडम जंबा, आदिल राशिद, अंबाती रायुडू, एस्टन एगर, भुवनेश्वर कुमार, क्रिस जार्डन, क्रेग ओवर्टन, डेविड वार्नर, डेविड विले, दीपक चाहर, देवदत्त पडीक्कल, दिनेश कार्तिक, ड्वेन ब्रावो, इविन लुईस, फेबियन एलन शामिल हैं।
दो करोड़ की ब्रैकेट में शामिल होने वाले अन्य खिलाड़ी फाफ डुप्लेसिस, हर्षल पटेल, इमरान ताहिर, इशान किशन, जेम्स विंस, जेसन राय, जोस हेजलवुड, कगिसो रबादा, क्रुणाल पांड्या, लाकी फर्ग्यूसन, मरचेंट डिलेंगे, मार्क वुड, मैथ्यू वेड, मिचेल मार्श, मो. शमी, मुस्ताफिजुर रहमान, नाथन कूल्टर नाइल, ओडियन स्मिथ, पैट कमिंस, क्विंटन डिकाक, राबिन उथप्पा, सैम बिलिंग्स, शाकिब महमूद, शाकिब अल हसन, शार्दुल ठाकुर, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, स्टीव स्मिथ, सुरेश रैना, ट्रेंट बोल्ट, उमेश यादव, युजवेंद्रा चहल, मुजीब जारदान व आर अश्विन शामिल हैं।
हालांकि इन खिलाड़ियों में से कुछ नाम ऐसे हैं जो चौंकाने वाले हैं क्योंकि इनमें से कईयों का प्रदर्शन टी20 क्रिकेट के लिहाज से सही नहीं है। जिन खिलाड़ियों पर इस नीलामी में सबसे ज्यादा नजरें लगी रहेगी उसमें सुरेश रैना, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, दीपक चाहर, डेविड वार्नर, ड्वेन ब्रावो, स्टीव स्मिथ, आर अश्विन, इशान किशन, फाफ डुप्लेसिस जैसे खिलाड़ी हैं। ये देखना दिलचस्प होगा कि 2 करोड़ की बेस प्राइस वाले ये खिलाड़ी कितने में बिकते हैं।




