नई दिल्ली: दिल्ली की ओखला सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक अमानतुल्लाह खान की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए साउथ ईस्ट जिला पुलिस, क्राइम ब्रांच और जामिया नगर थाना पुलिस संयुक्त अभियान चला रही है।
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
सोमवार को जामिया इलाके में हुई एक पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने, भगोड़े अपराधी को फरार कराने और भीड़ जुटाकर माहौल बिगाड़ने के आरोप में अमानतुल्लाह खान पर FIR दर्ज की गई थी। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 190, 221, 121(1), 132, 351(3), 263 और 111 के तहत केस दर्ज किया है। इनमें से कई धाराएं गैर-जमानती हैं, जिससे उनकी गिरफ्तारी की संभावनाएं और बढ़ गई हैं।
क्या है पूरा मामला?
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सोमवार को जामिया इलाके में हत्या की कोशिश के आरोपी शाहबाज खान को हिरासत में लेने के लिए अभियान चलाया था। पुलिस जब शाहबाज को पकड़ रही थी, तभी अमानतुल्लाह खान के समर्थकों ने गिरफ्तारी का विरोध किया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान धक्का-मुक्की और झड़प के बीच शाहबाज फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और अमानतुल्लाह खान समेत उनके समर्थकों पर मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि विधायक ने गैरकानूनी भीड़ इकट्ठा कर सरकारी काम में बाधा डाली और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।
किसी भी वक्त हो सकती है गिरफ्तारी
अमानतुल्लाह खान पर लगे आरोपों को देखते हुए पुलिस अब उनकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है। जामिया नगर समेत कई इलाकों में दबिश दी जा रही है, और किसी भी वक्त उनकी गिरफ्तारी हो सकती है।
यह मामला राजनीतिक रूप से भी तूल पकड़ सकता है, क्योंकि इससे पहले भी अमानतुल्लाह खान विवादों में रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक उन्हें गिरफ्तार कर पाती है और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।




