चंडीगढ़, चुनाव आयोग पंजाब सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की घोषणा कर दी गई है। पांच राज्यों में सात चरणों में चुनाव होंगे। पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर दूसरे फेज में चुनाव होगा। राज्य में मतदान 14 फरवरी को होगा, जबकि मतगणना 10 मार्च को होगी। चुनाव घोषणा के साथ ही राज्य में चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव नोटिफिकेशन 21 जनवरी को जारी होगा। पंजाब में नामिनेशन 28 जनवरी तक किया जा सकेगा। नामांकन पत्रों की जांच 29 जनवरी को, जबकि नामांकन वापस 31 जनवरी तक लिया जा सकेगा। मतदान 14 फरवरी को होगा, जबकि मतगणना 10 मार्च को होगी।
चुनाव के दौरान कोविड प्रोटोकाल का पूरा ध्यान रखा जाएगा। पंजाब में अब तक कोविड की पहली डोज 82 प्रतिशत व दूसरी डोज 46 प्रतिशत लोगों को लग चुकी है। पंजाब में पाजीटिविटी रेट 2.1 प्रतिशत है। इस बार चुनाव में नामांकन के लिए आनलाइन सुविधा भी दी गई है। मतदान का समय भी इस बार एक घंटे और बढ़ा दिया गया है। पंजाब में कुल मतदाता कुल 21275066 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें सर्विस वोटर 10163 और एनआरआई वोटर 1601 हैं। राज्य में पोलिंग स्टेशनों की संख्या 24689 है।
चुनाव आयोग ने कहा कि कोरोना पाजीटिव भी मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। चुनावी घोषणा की तिथियों की सुबगुबाहट के साथ ही राज्य में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। पंजाब सरकार ने भी प्रशासन में व्यापक फेरबदल किया है। राज्य में आइएएस व पीसीएस सहित 32 अफसरों को इधर-उधर किया गया है।
15 जनवरी 2022 तक किसी भी रोड शो, पदयात्रा, साइकिल रैली, बाइक रैली और जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। चुनाव आयोग स्थिति की समीक्षा करेगा और बाद में नए निर्देश जारी किए जाएंगे। सभी चुनाव अधिकारियों और कर्मचारियों को फ्रंटलाइन वर्कर माना जाएगा और सभी पात्र अधिकारियों को प्रीकोशनरी डोज लगाई जाएगी। 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग व्यक्ति और कोविड-19 पाजिटिव व्यक्ति पोस्टल बैलेट से मतदान कर सकते हैं।
पंजाब में कुल 21275066 मतदाता
कुल मतदाता 21275066
पुरुष 11187857
महिलाएं 10086514
सर्विस वोटर 110163
पुरुष 107375
महिलाएं 2788
एनआरआइ
कुल मतदाता 1601
पुरुष 1215
महिलाएं 386
पोलिंग स्टेशन 24689
अर्ब 7727
ग्रामीण 16962
पहली बार वोट डालने वाले, (18 से 19 वर्ष की आयु वाले ) 278969
पोलिंग स्टेशनों की होगी वेब कास्टिंग
पंजाब में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए चुनाव आयोग की टीम ने दिसंबर में राज्य का दौरा किया था और अफसरों के साथ बैठक की थी। इस टीम में मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा, चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और अनूप चंद्र पांडे शामिल थे। टीम ने अफसरों को सख्त दिशानिर्देश जारी करते हुए चुनावों को पारदर्शी तरीके से निपटाने के आदेश दिए थे। खास बात यह है कि इस बार पंजाब के सभी 24689 पोलिंग स्टेशनों पर वेब कास्टिंग होगी।
पंजाब के चुनाव अधिकारी डा. एस करुणा राजू इससे पहले राजनीतिक दलों के नुमाइंदों से बैठक कर चुके हैं। उनका कहना है कि यदि कोई शराब या पैसे से वोटरों को भ्रमित करने की कथित कोशिश करता है या वोट प्रक्रिया में विघ्न डालने या कोई अन्य ग़ैर-कानूनी गतिविधियां उनके ध्यान में आती हैं तो वह उनको या उनके कार्यालय को तुरंत सूचित करें। पंजाब चुनाव अधिकारी डा. राजू ने कहा कि वह गैर जमानती वारंट मामलों, पैरोल जंपर, शरातरी तत्वों और शकी नशा तस्करों की स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्य के डीसी, सीपीज/एसएसपीज और ईआरओज के साथ मीटिंगें कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य में लाइसेंसशुदा हथियार जमा करवाने की प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है।
पिछले चुनाव में कांग्रेस ने जीती थी 77 सीटें
पिछला विधानसभा चुनाव फरवरी 2017 में हुआ था। चुनाव परिणाम 11 मार्च 2017 को घोषित किए गए थे, जिसमें कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत हासिल किया। 117 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस ने 77 सीटों पर जीत दर्ज की। पहली आम आदमी पार्टी पिछले चुनावों में मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी। आप ने 20 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि तब के सत्ताधारी दल शिअद को तीसरे स्थान पर खिसकना पड़ा। अकाली दल को 15 सीटों पर ही जीत मिली। चुनाव जीतने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह नेतृत्व में सरकार बनी। कैप्टन लगभग साढ़े चार वर्ष तक पंजाब के सीएम रहे, लेकिन नवजोत सिंह सिद्धू के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी में कलह हो गया और कैप्टन ने सीएम पद छोड़ दिया। इसके बाद चरणजीत सिंह चन्नी सीएम बने।




