प्रेम प्रकाश का क्लर्क से करोड़पति तक का सफरः धोनी की नकल, VIP नंबर-महफिल जमाने लिया था 60 लाख का रेटेंड घर

रांची.  झारखंड के खनन घोटाले में बुधवार को 16 ठिकानों पर ED की रेड चल रही है। CM हेमंत सोरेन के करीबी प्रेम प्रकाश के रांची स्थित ठिकानों पर छापा मारा गया। झारखंड के सियासी गलियारे में पीपी नाम से फेमश प्रेम प्रकाश लाइजनर के साथ-साथ कारोबारी भी है। मीड-डे मील में अंडा सप्लाई का काम शुरू करने के सात साल के अंदर आईएएस-आईपीएस के ट्रांसफर-पोस्टिंग से लेकर जमीन के खेल का मास्टर माइंड बन गया। इस दौरान प्रेम प्रकाश ने अकूत दौलत कमाई। प्रेम प्रकाश ने एक क्लर्क से करोड़पति तक का सफर तय किया है। रांची के बड़े अधिकारी भी प्रेम प्रकाश का पैर छूकर आशीर्वाद लेते थे। प्रेम प्रकाश के इशारे पर किसी भी जमीन की रजिस्ट्री कराना या कब्जा हटाना आम बात है।

महेंद्र सिंह धोनी जैसा बंगला बनाना ड्रीम
प्रेम प्रकाश से जुड़े लोगों के अनुसार क्रिकेटर महेंद्र सिंह धौनी जैसे बंगला उसका ड्रीम हाउस था। इसलिए हरमू में माही के घर से महज 100 मीटर की दूरी पर उसी लाइन में करीब दो करोड़ रुपए में जमीन खरीदी। उस जमीन पर खूबसूरत मकान बना था, उसे तुड़वा दिया। उसकी जगह धौनी के घर की तरह ही नया घर बनवा रहा है। सिर्फ घर ही नहीं, प्रेम प्रकाश महंगी गाड़ियों का भी शौकीन है। गाड़ी का च्वाइस नंबर भी धौनी के जैसा 0007 है। प्रेम प्रकाश के पास दो गाड़ियां फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो है और दोनों का नंबर 0007 ही है।

महफिल सजाने के लिए ले रखा है 60 लाख का किराए का घर
प्रेम प्रकाश का अरगोड़ा-कटहल मोड़ रोड पर वसुंधरा अपार्टमेंट में एक फ्लैट (नंबर 802) है। फिर भी उसने 60 लाख रुपए सालाना किराए पर दो घर ले रखा है। अशोक नगर के सामने दालान नामक एक भवन को उसने 48 लाख रुपए सालाना किराए पर लिया है। ऐसा कहा जाता है कि यहीं उसकी महफिल सजती थी। वहीं हरमू कॉलोनी में शैलोदय भवन का सालाना किराया 12 लाख रुपए देता है।

एसयूवी की सवारी करता है प्रेम प्रकाश
प्रेम प्रकाश जिस एसयूवी से चलता है, उसका रजिस्ट्रेशन प्रेम प्रकाश, पिता स्व. प्रमोद कुमार, 228/B, रोड नंबर 2, अशोक नगर दर्ज है। यह घर किसी विभाग के कार्यपालक अभियंता राजकुमार का है, जिसे प्रेम प्रकाश ने पहले किराए पर ले रखा था। उसी घर में अंडे का गोदाम भी बनाया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related