Bihar Politics: बिहार की राजनीति का माहौल इन दिनों थोड़ा गर्म हो गया है। दरअसल, काफी दिनों से चर्चा कि बिहार सरकार में भाजपा कोटे के मंत्री बदले जा सकते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कैबिनेट में फेरबदल की तैयारियों की चर्चा गुरुवार देर रात और तेज हो गई। दरअसल, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान गुरुवार शाम अचानक पटना पहुंच गए। पटना आते ही वे सीधे नीतीश कुमार से मुलाकात करने मुख्यमंत्री आवास गए।
मुलाकात का एजेंडा स्पष्ट नहीं
हालांकि, दोनों नेताओं के मुलाकात के विषय पर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई, लेकिन माना जा रहा है कि राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति चुनाव और बिहार मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई। इस दौरान जदयू के वरिष्ठ नेता और बिहार के शिक्षा मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद थे। भाजपा की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रधान ने रात्रि में राजकीय अतिथिशाला में विश्राम किया।
मंत्री से मिलने पहुंचे कई भाजपा नेता
इस दौरान कई वरिष्ठ भाजपा नेता प्रधान से मिलने आए। प्रधान शुक्रवार की सुबह दिल्ली लौट जाएंगे। बिहार में काफी समय से चर्चा है कि नीतीश कैबिनेट में भाजपा कोटे के मंत्रियों को बदला जा सकता है। परफार्मेंस के आधार पर कई मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है, तो कुछ नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं।
- बिहार में सीएम नीतीश की कैबिनेट में फेरबदल की चर्चा तेज
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात
- केंद्रीय मंत्री गुरुवार को अचानक पहुंचे पटना, शुक्रवार की सुबह लौटे दिल्ली
खासकर, बिहार विधान परिषद चुनाव परिणाम और विधानसभा की बोचहां सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा की करारी हार और कोर वोटरों की नाराजगी से भाजपा नेतृत्व चिंतित है। इसी बीच बिहार भाजपा के पूर्व प्रभारी व वर्तमान में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पटना आना और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात से तमाम तरह की चर्चाएं तेज हो गई है।




