नोएडा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नोएडा में माइक्रोसॉफ्ट के नए कार्यालय का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने MAQ सॉफ्टवेयर के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य में बढ़ते इलेक्ट्रॉनिक और आईटी उद्योग पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश, विशेष रूप से नोएडा और ग्रेटर नोएडा, तेजी से इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण और आईटी हब के रूप में उभर रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पिछले कुछ वर्षों में उठाए गए कदमों के कारण उत्तर प्रदेश, मोबाइल फोन उत्पादन में 65% की हिस्सेदारी के साथ देश का अग्रणी राज्य बन चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के निर्माण में 55% भागीदारी के साथ उत्तर प्रदेश शीर्ष स्थान पर है।
उत्तर भारत के सबसे बड़े AI सक्षम डेटा सेंटर का उद्घाटन
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला गौतमबुद्ध नगर में सिफी इन्फिनिट स्पेसेस लिमिटेड के उत्तर भारत के सबसे बड़े AI सक्षम डेटा सेंटर का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ मिशन को साकार करने की दिशा में उत्तर प्रदेश ने पिछले आठ वर्षों में तेजी से प्रगति की है और अब राज्य एक प्रमुख डेटा सेंटर हब के रूप में उभर रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि इस डेटा सेंटर से डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने में मदद मिलेगी और राज्य में आईटी तथा स्टार्टअप सेक्टर को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने सिफी समूह और प्रदेश के नागरिकों को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा बन रहे टेक हब
सीएम योगी ने बताया कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा सिर्फ एक दशक के अंदर भारत के सबसे बड़े इलेक्ट्रॉनिक और आईटी विनिर्माण केंद्रों में से एक बन चुके हैं। सरकार ने इस क्षेत्र में निवेश को आकर्षित करने और उद्यमियों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के लिए कई नीतिगत सुधार किए हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश न केवल देश में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा। सरकार की प्राथमिकता है कि राज्य को ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के लिए और अधिक अनुकूल बनाया जाए ताकि अधिक से अधिक निवेशक यहां अपने उद्योग स्थापित करें।
डिजिटल उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ता कदम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को एक डिजिटल हब बनाना है, जहां अत्याधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा मिले। डेटा सेंटर, आईटी कंपनियों और इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण इकाइयों की बढ़ती संख्या इस दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सरकार प्रदेश में निवेश को सुगम बनाने और औद्योगिक विकास को और अधिक गति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।




