मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान के घर पर हुए हमले ने सभी को हैरान कर दिया था। घटना की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हमलावर ने सैफ की गर्दन और शरीर पर 30 बार चाकू से वार किया। इस हमले के बाद कई राजनीतिक नेताओं ने भी सवाल उठाए थे, लेकिन सैफ ने अब खुद इस खौफनाक रात की पूरी कहानी सुनाई है। अब इस मामले में सैफ अली खान ने एक इंटरव्यू में उन सवालों के जवाब दिए है, जिनके जवाब लोग कई दिनों से खोज रहे थे.
हमले की रात क्या हुआ?
सैफ के अनुसार, घटना रात करीब 2 बजे की है। करीना कपूर डिनर से लौट चुकी थीं और घर में सब सो रहे थे। अचानक, घर का नौकर दौड़ता हुआ आया और बताया कि “जेह के कमरे में एक आदमी चाकू लेकर घुसा है और पैसे मांग रहा है!” यह सुनते ही सैफ तुरंत कमरे की ओर भागे। वहां एक नकाबपोश हमलावर दोनों हाथों में चाकू लिए खड़ा था। सैफ ने उस पर झपट्टा मारा और उसे नीचे गिराने की कोशिश की। लेकिन हमलावर ने पीठ और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया।
करीना ने चिल्लाकर कहा- “बच्चे को बाहर निकालो!”
सैफ ने बताया कि हमलावर लगातार हमला कर रहा था, और उन्होंने खुद को बचाने की भरपूर कोशिश की। इस दौरान करीना ज़ोर-ज़ोर से चिल्ला रही थीं- “बच्चे को बाहर निकालो!” घरेलू सहायिका गीता ने सैफ को बचाने की कोशिश की और किसी तरह हमलावर को धक्का देकर कमरे से बाहर कर दिया। उसी समय, करीना ने बेटे जेह को घर से बाहर निकाला ताकि वह सुरक्षित रह सके।
तैमूर ने पूछा- “पापा, क्या आप मरने वाले हो?”
हमले के बाद सैफ खून से लथपथ थे, और उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आ चुकी थी। इसी बीच, जब उनका बड़ा बेटा तैमूर सैफ को घायल हालत में देखता है, तो डरते हुए पूछता है- “पापा, क्या आप मरने वाले हो?” यह सुनकर सैफ अंदर से टूट गए, लेकिन खुद को संभालते हुए उन्होंने तैमूर को भरोसा दिलाया कि वे ठीक हो जाएंगे।
रिक्शा से अस्पताल पहुंचे सैफ
हालात बिगड़ते देख करीना ने तुरंत फैसला लिया कि सैफ को अस्पताल ले जाना होगा। उस वक्त उनकी सुरक्षा को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी, इसलिए वह खुद उनके साथ नहीं गईं। सैफ और घरेलू सहायक हरी ने ऑटो रिक्शा से लीलावती अस्पताल तक का सफर तय किया। ड्राइवर भजन सिंह राणा ने जब सैफ को खून से लथपथ देखा, तो बिना देरी किए शॉर्टकट लेकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
सैफ ने तोड़ी चुप्पी, बोले- “हमला असली था, एक्टिंग नहीं!”
सैफ अली खान ने इस घटना के बाद पहली बार खुलकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि “मैं एक्टिंग नहीं कर रहा था, यह हमला असली था। अगर मेरी मदद न की जाती, तो मैं शायद बच नहीं पाता।” महाराष्ट्र सरकार के कुछ नेताओं ने उनकी चोटों पर शक जताया था, लेकिन सैफ ने स्पष्ट कर दिया कि उन्होंने जो सहा, वह सिर्फ एक फिल्मी सीन नहीं था, बल्कि उनकी जिंदगी का सबसे डरावना अनुभव था।
जांच जारी, सुरक्षा कड़ी की गई
पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है। हमलावर कौन था और कैसे अंदर घुसा, इस पर अभी भी जांच चल रही है। इस घटना के बाद सैफ के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और परिवार की सुरक्षा को लेकर नए इंतजाम किए जा रहे हैं।



