नई दिल्ली। लोकसभा के तीन और विधानसभा के सात सीटों के लिए गुरुवार को उपचुनाव हो रहा है। इस चुनाव के नतीजे अगले महीने होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए अहम होंगे। देश के छह राज्यों में उप चुनाव हो रहे हैं। चुनाव का रिजल्ट 26 जून को आएगा।
लोकसभा के इन सीटों के लिए हो रहा उपचुनाव
आजमगढ़- आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव सांसद चुने गए थे। उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में वह विधानसभा सीट से मैदान में उतरे थे। उनके विधायक बनने के चलते यह सीट खाली हो गई थी।
रामपुर- इस सीट को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने खाली किया है। वह भी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में विधायक के रूप में चुने गए थे।
संगरूर- पंजाब के संगरूर सीट से भगवंत मान सांसद चुने गए थे। भगवंत मान के विधानसभा चुनाव में विधायक चुने जाने के बाद यह सीट खाली हो गई। भगवंत मान वर्तमान में पंजाब के मुख्यमंत्री हैं।
विधानसभा के इन सीटों के लिए हो रहा उपचुनाव
दिल्ली के राजिंदर नगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। आप नेता राघव चड्ढा के राज्यसभा सदस्य बनने के चलते यह सीट खाली हुई है। इसके साथ ही झारखंड के मंदार, आंध्र प्रदेश के आत्माकुरी और त्रिपुरा के अगरतला, टाउन बोरदोवाली, सूरमा व जुबराजनगर में उपचुनाव हो रहा है। आंध्र प्रदेश की आत्मकुर विधानसभा सीट फरवरी में मौजूदा विधायक और तत्कालीन उद्योग मंत्री मेकापति गौतम रेड्डी के निधन के कारण सीट खाली हुई थी।




