अयोध्या, जिले की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए हैं, और अब तक के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान बड़ी बढ़त बनाए हुए हैं। 20वें राउंड की मतगणना के बाद पासवान 48,000 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी अजीत प्रसाद पिछड़ते नजर आ रहे हैं। यह उपचुनाव बीजेपी और सपा दोनों के लिए नाक की लड़ाई बना हुआ था, और दोनों दलों ने पूरी ताकत झोंक दी थी।
बीजेपी उम्मीदवार चंद्रभानु पासवान ने जताया आभार
रुझानों में भारी बढ़त के बाद बीजेपी प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को हमने जनता तक पहुंचाया और लोगों ने इस पर भरोसा जताया।” पासवान ने अपने समर्थकों को भी धन्यवाद देते हुए कहा कि यह जीत उनकी मेहनत और पार्टी की नीतियों का नतीजा है।
सपा ने चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
वहीं, सपा नेता और फैजाबाद से सांसद अवधेश प्रसाद ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “बीजेपी ने बड़े स्तर पर गड़बड़ियां की हैं और निर्वाचन आयोग से इसकी शिकायत भी की गई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।” उन्होंने दावा किया कि निर्वाचन अधिकारी राज्य सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं और निष्पक्ष चुनाव नहीं हो पाए। बावजूद इसके, उन्होंने विश्वास जताया कि सपा का प्रत्याशी अंततः जीत दर्ज करेगा।
मिल्कीपुर में किसका खिलेगा कमल या दौड़ेगी साइकिल?
मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर कुल 10 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे, लेकिन मुख्य मुकाबला बीजेपी और सपा के बीच ही सिमट गया। इस सीट पर बीजेपी और सपा ने अपने बड़े नेताओं को प्रचार में उतारा था। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यहां प्रचार किया था।
मतगणना मिल्कीपुर के राजकीय इंटर कॉलेज में हो रही है, और दोपहर तक अंतिम नतीजे आने की उम्मीद है। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या बीजेपी अपनी बढ़त को बरकरार रखते हुए सीट जीत पाएगी, या फिर सपा के दावे सही साबित होंगे और बाज़ी पलटेगी।




