गोड्डा। पंजाब दाैरे के दाैरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुरक्षा में चूक को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। भाजपा के नेता पंजाब की चरणजीत सिंह चन्नी सरकार और कांग्रेस पर हमलावर हैं। झारखंड के भाजपा नेता भी पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी को सुरक्षा चूक के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। भाजपा के फायरब्रांड सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट कर चन्नी सरकार की बर्खास्तगी की मांग की है। उन्होंने सुरक्षा में चूक को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या की साजिश करार दिया है। साथ ही कहा है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने का बर्खास्तगी ही विकल्प है। झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने भी ट्वीट कर कांग्रेस पर हमला बोला है।

पंजाब के फिरोजपुर में रैली करने जा रहे थे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को पंजाब के फिरोज़पुर में रैली करने जा रहे थे। मोदी का विमान सुबह में पंजाब के बठिंडा में लैंड किया। इसके बाद मौसम खराब होने की वजह से आगे का सफर सड़क मार्ग के जरिए तय करने का फैसला किया गया। सड़क मार्ग से जाते समय एक फ्लाईओवर पर 15 से 20 मिनट के लिए उस वक्त फंस गए जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने रास्ते को अवरुद्ध कर दिया। जिस वक्त यह घटना हुई, उस वक्त प्रधानमंत्री बठिंडा से हुसैनीवाला में राष्ट्रीय शहीद स्मारक की ओर जा रहे थे। जाम में फंसने के बाद सुरक्षा कारणों से प्रधानमंत्री की रैली रद कर दी गई। इसके बाद पंजाब के साथ ही पूरे देश की राजनीति अचानक गरमा गई।
पंजाब को कई योजनाओं का होना था शिलान्यास
पंजाब में मार्च महीने में चुनाव है। इसके मद्देनजर फिरोजपुर में पीएम की रैली थी। वह करीब डेढ़ बजे फिरोज़पुर में एक रैली को संबोधित करने वाले थे। इस दाैरान वे कई परियोजनाओं का शिलान्यास करने वाले थे। लेकिन मौसम खराब होने की वजह से वह हेलीकॉप्टर से नहीं जा सके। इसके बाद सड़क के रास्ते जाने का फैसला किया गया। हुसैनीवाला से 30 किलोमीटर आगे प्रदर्शनकारियों ने रास्ते को रोक दिया। डीजीपी और कैबिनेट सेक्रेटरी से इजाजत न मिलने के बाद भी प्रदर्शनकारी सड़क मार्ग के बीच में आए और रास्ते को रोक दिया।
पीएम की सुरक्षा में चूक कांग्रेस की ओछी राजनीति
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा में चूक पर ट्वीट कर कहा है कि यह गंभीर मामला है। पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री का असहयोगात्मक रवैला भी सस्ती राजनीति से प्रेरित है। दोषियों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री और यूपी चुनाव में भाजपा की सह प्रभारी अन्नपूर्णा देवी ने कहा है कि पीएम की सुरक्षा में चूक कांग्रेस की ओछी राजनीति है।
झारखंड भाजपा के संगठन महामंत्री ने कहा-नीचता की पराकाष्ठा
झारखंड भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल ने भी ट्वीट कर प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक को लेकर कांग्रेस और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर हमला बोला है। लिखा है-आज प्रधानमंत्री के काफिले को रोककर कांग्रेस ने बता किया कि वह लोकतांत्रिक रूप से नरेंद्र मोदी से नहीं लड़ सकते तो अब गद्दारी पर आ गए हैं। यह नीचता की पराकाष्ठा है।




