बिहार: भागलपुर में पुलिस पर हमला, बरसाए ईंट-पत्थर, हमले में SI सहित 4 पुलिसकर्मी जख्मी

बिहार: भागलपुर में पुलिस पर हमला, बरसाए ईंट-पत्थर, हमले में SI सहित 4 पुलिसकर्मी जख्मी

बिहार के भागलपुर जिले में पुलिस पर हमले की एक और गंभीर घटना सामने आई है। कहलगांव अनुमंडल के अन्तिचक थाना क्षेत्र के कसडी गांव में झगड़ा सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

झगड़ा सुलझाने गई पुलिस पर अचानक हमला
शनिवार शाम करीब 7 बजे कसडी गांव में दो बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। झगड़े की सूचना मिलने पर अन्तिचक थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों के समझाने के दौरान पहले बच्चों ने उन पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। देखते ही देखते गांव के कई लोग भी इस हमले में शामिल हो गए और पुलिसकर्मियों पर ताबड़तोड़ पथराव करने लगे।

जान बचाकर भागे पुलिसकर्मी, अस्पताल में भर्ती
ग्रामीणों के इस हमले में एसआई समेत तीन सिपाही घायल हो गए। किसी तरह पुलिसकर्मियों ने अपनी जान बचाई और वहां से बाहर निकले। घायल पुलिसकर्मियों को कहलगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, जिसके चलते पुलिस ने अतिरिक्त बल को मौके पर भेजा।

पत्थरबाजों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस पर हुए इस हमले के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मजिस्ट्रेट संजीव चौधरी के बयान पर अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने में जुट गई है।

बिहार में पुलिसकर्मियों पर बढ़ रहे हमले
हाल ही में बिहार के अररिया और मुंगेर में भी पुलिसकर्मियों पर हमले की घटनाएं सामने आई थीं, जहां अपराधियों ने एएसआई की हत्या कर दी थी। अब भागलपुर में पुलिस पर पत्थरबाजी की इस घटना ने फिर से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी तरह शनिवार को भागलपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में भी अपराधियों ने एक आर्मी जवान के साथ मारपीट की थी।

पुलिस पर हो रहे लगातार हमलों को देखते हुए प्रशासन के लिए यह एक बड़ी चुनौती बन गया है। सवाल यह उठता है कि जब वर्दीधारी पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? बिहार में बढ़ती हिंसक घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

Share post:

Popular

More like this
Related