बिहार NDA की दिल्ली में बड़ी बैठक आज, सीट बंटवारे पर सियासी दांव पेंच, किसको मिलेगी सीट?

नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार, 26 मार्च को दिल्ली में आयोजित होने जा रही है। यह बैठक बीजेपी सांसद डॉक्टर संजय जायसवाल के आवास पर होगी, जिसमें बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित एनडीए के प्रमुख घटक दलों के नेता शामिल होंगे। यह बैठक गृहमंत्री अमित शाह के 29 मार्च के बिहार दौरे से पहले बुलाई गई है, जिससे इसे और अधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बैठक में कौन-कौन रहेगा शामिल?
इस बैठक में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री, एनडीए के सभी सांसद और बिहार से आने वाले केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। इसके अलावा, लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, राष्ट्रीय लोकमंच के प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा के भी बैठक में शामिल होने की संभावना है। साथ ही, बिहार बीजेपी के प्रभारी विनोद तावड़े भी इसमें हिस्सा ले सकते हैं।

सीट बंटवारे पर होगी चर्चा?
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए में अभी तक सीट बंटवारे का कोई आधिकारिक फॉर्मूला तय नहीं हुआ है, लेकिन घटक दलों ने अपनी मांगें रखनी शुरू कर दी हैं। लोजपा (रामविलास) और हम ने 40-40 सीटों की मांग कर दी है। चिराग पासवान की पार्टी पिछले साल से कह रही है कि वह बिहार के हर जिले में कम से कम एक सीट पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, जीतन राम मांझी ने भी अपनी पार्टी के लिए करीब 40 सीटों की मांग रख दी है। हालांकि, एनडीए में शामिल राष्ट्रीय लोक मंच ने अभी तक सीटों को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है।

बीजेपी और जेडीयू, जो एनडीए के दो सबसे बड़े घटक दल हैं, ने सीटों के बंटवारे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। लेकिन यह तय माना जा रहा है कि दिल्ली में होने वाली बैठक में इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा होगी।

अमित शाह का बिहार दौरा और रणनीति
केंद्रीय गृहमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह 29 मार्च को बिहार दौरे पर जा रहे हैं। यह चुनाव से पहले बिहार में उनकी पहली महत्वपूर्ण यात्रा होगी। शाह पटना पहुंचकर सीधे बीजेपी के कार्यालय जाएंगे, जहां वे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान वे चुनावी तैयारियों को लेकर फीडबैक लेंगे और इसके आधार पर बीजेपी की चुनावी रणनीति तय की जाएगी।

बीजेपी ने इस बैठक में शामिल होने के लिए अपने सभी सांसदों, प्रदेश प्रभारियों और अन्य प्रमुख नेताओं को पटना में मौजूद रहने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि अमित शाह की यात्रा के बाद एनडीए के भीतर सीट बंटवारे को लेकर और स्पष्टता आ सकती है।

एनडीए की एकता दिखाने की कोशिश
इस बैठक को एनडीए की एकता प्रदर्शित करने के प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है। विपक्ष लगातार एनडीए के घटक दलों के बीच मतभेद की बात कर रहा है, लेकिन इस बैठक के जरिए यह संदेश देने की कोशिश होगी कि एनडीए बिहार में एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा।

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए की यह पहली बड़ी बैठक है और इस बैठक के बाद सीट बंटवारे को लेकर बातचीत और तेज हो सकती है। अब देखना होगा कि अमित शाह के दौरे के बाद एनडीए में सीटों के बंटवारे को लेकर क्या नया समीकरण बनता है।

Share post:

Popular

More like this
Related