मुंबई, 9जनवरी 2021

महाराष्ट्र (Maharashtra) के भंडारा (Bhandara) के जिला अस्पताल में आग लगने की 10 नवजातों की मौत पर दुख जताते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे (Rajesh Tope) ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है. राज्य के गृहमंत्री आज दोपहर 12.30 बजे भंडारा का दौरा करेंगे. वहीं, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने मृतक परिवारों के प्रति संवेदना जताई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) दुख जता चुके हैं.

मामले की सूचना लगते ही मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने जांच के आदेश दे दिए थे. पड़ताल को लेकर स्वास्थ्य मंत्री टोपे ने बताया कि पहली नजर में आग की वजह शार्ट सर्किट प्रतीत होती है. फिलहाल इसकी जांच चल रही है. उन्होंने जानकारी दी कि वॉर्ड में कुल 17 बच्चे भर्ती थे. टोपे ने कहा कि जो भी नर्स और वार्ड ब्वाय थे, पूरी कोशिश करके 7 नवजातों को बचा पाये, लेकिन 10 बालकों की मृत्यु हुई है. सीएम ठाकरे ने सुबह ही स्वास्थ्य मंत्री समेत जिला कलेक्टर और एसपी में बात कर हालात जाने थे.

इधर, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लापरवाही करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है. उन्होंने मृतकों के परिवारों को सांत्वना दी है. फडणवीस ने कहा ‘भंडारा जिला अस्पताल में हुए आग्निकांड, जिसमें 10 बच्चों ने अपनी जान गंवा दी है. वह बेहद दुखद और परेशान करने वाला है.’ उन्होंने लिखा, ‘दुख की घड़ी में परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं. इस मामले की ठीक तरह से जांच की जानी चाहिए और दोषियों को खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने ट्वीट के जरिए मृतक बच्चों के परिजनों को सांत्वना दी है. पीएम मोदी ने लिखा, महाराष्ट्र के भंडारा में हुई हृदयविदारक घटना में हमने नवजातों का अनमोल जीवन खो दिया. मृतकों के परिजनों को सांत्वना और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं.

वहीं,  गृहमंत्री ने लिखा ‘भंडारा जिला अस्पताल में हुई आगजनी की घटना बेहद दुर्भाग्यपूरण है. मैं शब्दों से परे जाकर दुखी हूं, शोक संतप्त परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं. भगवान उन्हें इस दुख की घड़ी का सामना करने की शक्ति दे.’