नई दिल्ली, आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्लाह खान ने दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में अपनी अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। उन पर आरोप है कि वह पिछले तीन दिनों से फरार चल रहे हैं, और सोमवार को उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद से पुलिस ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में उनकी तलाश भी की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
अमानतुल्लाह खान पर आरोप है कि उन्होंने दिल्ली के जामिया नगर में पुलिस टीम पर हमले का नेतृत्व किया और एक कोर्ट से घोषित अपराधी को फरार करवाने में मदद की। इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद से वह भूमिगत हो गए थे। हालांकि, बुधवार शाम को उन्होंने एक पत्र जारी कर दावा किया कि वह अपनी विधानसभा में ही मौजूद हैं और पुलिस उन्हें झूठे आरोपों में फंसाने की कोशिश कर रही है।
अपने पत्र में उन्होंने कहा कि, “मुझे एक व्यक्ति को बचाने के लिए कहा गया था, जो इलाके का ही निवासी था। मेरा उससे कोई करीबी संबंध नहीं है।” अमानतुल्लाह के अनुसार, इस व्यक्ति को 2018 में साकेत अदालत से अग्रिम जमानत मिल चुकी थी, लेकिन पुलिस ने सादे कपड़ों में उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की थी और अन्य लोगों को धमकाया था।
विधायक ने यह भी कहा कि पुलिस ने अपनी पहचान जाहिर करने से इनकार किया और उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। फिलहाल, उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई जारी है।




