BJP को साल 2019-20 में मिला सबसे ज्‍यादा 720 करोड़ कॉर्पोरेट डोनेशन, CPM रही शून्‍य पर

नई दिल्ली, कॉरपोरेट और व्यावसायिक संगठनों ने वित्तीय वर्ष 2019-20 में राष्ट्रीय पार्टियों को ₹921.95 करोड़ रुपये का चंदा दिया। भाजपा को सबसे ज्यादा 720.407 करोड़ रुपये मिले। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया -मार्क्सिस्ट (CPM) ने इस अवधि में कॉरपोरेट चंदे से कोई आय नहीं दर्शाई है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है।

इसमें कहा गया है कि वित्त वर्ष 2017-18 और 2018-19 के बीच कॉरपोरेट्स से राष्ट्रीय पार्टियों को दिए जाने वाले चंदे में 109 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को पार्टियों की ओर से एक वित्तीय वर्ष में 20,000 रुपये से अधिक का चंदा देने वाले दानकर्ताओं की जानकारी पर तैयार किया गया है।

एडीआर ने पांच दलों के चंदे का विश्लेषण किया है। इनमें भारतीय जनता पार्टी (BJP), इंडियन नेशनल कांग्रेस (INC), नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP), ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (AITC) और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया – मार्क्सिस्ट (CPM) शामिल हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट ने 2019-20 में बीजेपी और कांग्रेस को सबसे ज्यादा डोनेशन दिया। ट्रस्ट ने एक साल में ही दोनों पार्टियों को 38 बार चंदा दिया, जो कुल 247.75 करोड़ रुपये था।

रिपोर्ट में कहा गया कि भाजपा ने प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट से 216.75 करोड़ रुपये और कांग्रेस को 31.00 करोड़ रुपये प्राप्त करने की जानकारी दी। बी जी शिर्के कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी प्रााइवेट लिमिटेड ने 2019-20 में एनसीपी को सबसे ज्यादा चंदा दिया। बता दें कि प्रूडेंट सबसे धनी चुनावी ट्रस्ट है और 2013-14 से भाजपा को सबसे ज्यादा फंड देने वालों में शामिल है। इलेक्टोरल ट्रस्ट्स को दिए जाने वाले कॉरपोरेट डोनेशन का लगभग 90 प्रतिशत धन उसके पास जाता है।

रिपोर्ट के अनुसार 2012-13 से 2019-20 की अवधि के दौरान, राष्ट्रीय दलों को 2019-20 ( 17वीं लोकसभा चुनाव के दौरान) में सबसे ज्यादा 921.95 करोड़ का कॉर्पोरेट चंदा मिला। इसके बाद 2018-19 में 881.26 करोड़ और 2014-15 (16वीं लोकसभा चुनाव के दौरान) में 573.18 करोड़ रुपये मिले थे। 2019-20 में कॉर्पोरेट डोनेशन 2012-13 और 2019-20 के बीच किए गए कुल डोनेशन का 24.62 प्रतिशत है। 2012-13 और 2019-20 के बीच, कॉर्पोरेट और व्यावसायिक संगठनों से राष्ट्रीय पार्टियों को दिए जाने वाले चंदे में 1,024 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related