
हरिद्वार, 8 अगस्त 2021
उत्तराखंड के शिक्षा और खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया राज्य ही नही अपितु देश की बेटी है। खेल मंत्री ने वंदना कटारिया को उत्तराखंड का बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ ब्रांड एंबेसडर बनाने की घोषणा की है। सरकार की तरफ से वंदना कटारिया के राज्य आगमन पर हर संभव सम्मान करने का भी आश्वासन दिया है। खेल मंत्री अरविंद पांडेय रविवार को हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित वंदना कटारिया के घर पहुंचे थे। यहां खेल मंत्री ने वंदना कटारिया की मां शोरण, भाई चंद्रशेखर, सौरभ, पंकज कटारिया, लाखन कटारिया को शाल ओढ़ाकर और बुके देकर सम्मानित किया।
इस दौरान रानीपुर भाजपा विधायक आदेश चौहान, जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील डोभाल, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, आदि अधिकारी और ग्रामीण मौजूद थे। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से टोकियो ओलंपिक में प्रतिभाग करने वाली भारतीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया से बात की। शनिवार को वीसी के माध्यम से जुड़ी सीएम धामी ने शानदार प्रदर्शन के लिए वंदना एवं महिला हॉकी टीम में प्रतिभाग करने वाली सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाङी वंदना कटारिया को 25 लाख रुपए दिये जाने की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि वंदना कटारिया को तीलू रोतेली पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने वंदना कटारिया के भाई श्री सौरभ कटारिया से भी फोन से वार्ता कर वंदना के शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी। भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया ने उनके उत्साह वर्धन पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।उन्होंने सभी खिलाड़ियों को मनोबल बनाए रखने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा की वंदना कटारिया के शानदार प्रदर्शन से का मान सम्मान बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने वंदना को टोकियो से वापस आते ही मुख्यमंत्री आवास में मिलने हेतु आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा की खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य में नई खेल नीति बनाई जा रही है। जिसमें विभिन्न खेलों में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा दी जाएगी।







