
उत्तरप्रदेश, 7 अगस्त 2021
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को विपक्ष को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में विपक्ष के सभी नेता जनता को उसके हाल पर छोड़ घरों में बैठ गए थे। खुद को स्वघोषित क्वॉरेंटाइन कर लिया था। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र और प्रदेश की सरकार ने कोरोना पर सफल नियंत्रण तो किया ही साथ ही गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से समाज के निचले पायदान पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति की चिंता भी की।
योगी ने कहा कि सफलतापूर्वक सबको अन्न का वितरण करना हो, जनधन के खातों में पेंशन समेत अन्य धन राशियां उपलब्ध कराई गईं। 80 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया। फ्री वैक्सीन का सुरक्षा कवच प्रधानमंत्री की ओर से देश के नागरिकों को उनके जीवन और उनकी जीविका को बचाने की कोशिश के रूप में दिया गया।
पूरी निष्ठा और ईमानदारी से आप सबको कार्य करना होगा
सीएम ने कहा कि अगर आप सब कार्ययोजना बनाकर कार्य करेंगे तो आप की एक नई छवि उभरेगी। पंचायतों को 2500 करोड़ रुपये दिए जाने हैं। आपको मिला दायित्व सिर्फ सम्मान नहीं है बल्कि आपके आगे की प्रोग्रेस भी इसी पर निर्भर करेगी। इसलिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करना है। संगठन के सम्मान की रक्षा आपको करना है।
कैसे आदर्श ग्राम पंचायत बना सकते हैं इस पर भी कार्य करना होगा
सीएम ने कहा कि ग्राम प्रधानों, जिला पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों का आपस में बेहतरीन समन्वय हो। सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के भाव की धुरी आप सबको बनना होगा। अपने-अपने क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन के अभियान पर ध्यान देना होगा। कैसे हम अपने पंचायत को एक आदर्श ग्राम पंचायत बना सकते हैं, इस पर कार्य करना होगा। सरकार ने अपनी कुछ प्राथमिकताएं तय की हैं, आप सब सरकार की प्राथमिकता में सहयोग करें। एक साथ टीम वर्क कर रिजल्ट दें। हर एक व्यक्ति को पार्टी के साथ जोड़ें।







