गोरखपुर, 1 अगस्त 2021

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के केमिस्ट्री विभाग को देश में 55 वीं रैंक मिली है। यह रैंकिंग अंतरराष्ट्रीय पत्रिका नेचर ने जारी की है। पत्रिका ने फिजिक्स विभाग के शिक्षक के रिसर्च को केमिस्ट्री के क्षेत्र में मौलिक माना है। विवि प्रशासन इसे बड़ी उपलब्धि करार दे रहा है।

विवि प्रशासन ने बताया कि क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में देश में 96वीं रैंक और भौतिकी विभाग को पूरे देश में गुणवत्तायुक्त शोध पत्रों के प्रकाशन के लिए नेचर इंडेक्सिंग में 74 वीं रैंक मिलने के बाद से एक और कीर्तिमान स्थापित किया है। अब भौतिकी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अम्बरीष कुमार श्रीवास्तव द्वारा रसायन विज्ञान में शोध के लिए, रसायन क्षेत्र में विश्वविद्यालय को 55वां स्थान मिला है। नेचर जर्नल विश्व की प्रतिष्ठित शोध पत्रिका है तथा इसी नेचर जनरल के एक अन्य भाग में जिसमें केवल 82 महत्वपूर्ण शोध पत्रिकाएं शामिल हैं। उनके आधार पर विश्वविद्यालय एवं अन्य शोध संस्थानों तथा विभिन्न राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों में शोध की गुणवत्ता के आधार पर एक रैंकिंग निकाली जाती है।

नेचर इंडेक्सिंग में भौतिकी(फिजिक्स) विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अम्बरीश कुमार श्रीवास्तव के शोध पत्र को शामिल किया गया है। जो अमेरिकन केमिकल सोसायटी के जर्नल इनऑर्गेनिक केमिस्ट्री में प्रकाशित हुआ हैं। इस सिंगल-ऑथर्ड शोध पत्र का शीर्षक लिथीयटेड ग्रैफीन क्वांटम डॉट एंड इट्स नॉनलिनीअर प्रॉपर्टीज मोडुलेटेड बाई सिंगल अल्कली एटम है। डॉ. अम्बरीश का शोध क्षेत्र केमिकल फिजिक्स है। जो रसायन विज्ञान की परिधि में आता है।

उपलब्धि हासिल करने वाले एकमात्र शिक्षक

विवि प्रशासन ने बताया कि डॉ. श्रीवास्तव के एक रिसर्च पेपर को नेचर ने फिजिक्स के क्षेत्र में भी मौलिक करार दिया था। इसके बाद रसायन के क्षेत्र में भी उनके रिसर्च को मौलिक का दर्जा मिला है। दोनों विभागों के रिसर्च में मौलिकता का प्रमाण पत्र पाने वाले वह विवि के एकमात्र शिक्षक हैं। भौतिकी विभाग के कई शिक्षकों को डीएसटी एवं विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की तरफ से उच्च गुणवत्ता शोध के लिए ग्रांट्स मिल चुकी है तथा उनके द्वारा निरंतर उच्च गुणवत्ता युक्त शोध पत्र प्रकाशित किए जा रहे हैं। भौतिकी विभाग की इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने संकाय अध्यक्ष तथा विभागाध्यक्ष भौतिकी विभाग प्रो शांतनु रस्तोगी समेत सभी शिक्षकों को बधाई दी है। भौतिकी विभाग की उपलब्धि से पूरा विवि परिवार गदगद है।