देहरादून, 27 जुलाई 2021

उत्तराखंड का विधानसभा का मानसून सत्र 23 से 27 अगस्त के बीच आयोजित होगा। मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में विधानसभा सत्र के आयोजन तिथि पर मुहर लगाई गई। सरकारी प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने बताया कि विधायी विभाग की ओर से विधानसभा सत्र आयोजन के प्रस्ताव को रखा गया था। उन्होंने कहा कि विधानसभा का सत्र 23 से 27 अगस्त के बीच देहरादून स्थित विधानभवन में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। विदित है कि विधानसभा सत्र आयोजन की छह माह की अवधि सितम्बर माह के पहले सप्ताह में पूरी हो रही थी। इसलिए सितम्बर से पहले सत्र आयोजित किया जाना जरूरी था। इसे देखते हुए अब सत्र के आयोजन पर मुहर लगा दी गई है। राज्य में विधानसभा के इससे पहले के दो सत्र कोरोना संक्रमण की वजह से बहुत सीमित कर दिए गए थे। इसके बाद अब सरकार ने पांच दिन का सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया है। विधानसभा सत्र को लेकर सत्ताधारी दल भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के विधायकों में भी खासी उत्सुक्ता है और इसीलिए सत्र के लिए बड़ी संख्या में विधायकों की ओर से प्रश्न पूछे गए हैं। सत्र को लेकर अभी तक सात् सौ के करीब सवाल पूछे जा चुके हैं।

विमानपत्तन प्राधिकरण तैयार करेगी एयरपोर्ट की डीपीआर
ऊधमसिंह नगर जिले में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की डीपीआर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण) की ओर से तैयार की जाएगी। कैबिनेट ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को इसके लिए कंसल्टेंट बनाने की मंजूरी दे दी है। सरकारी प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने बताया कि यूएस नगर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए भूमि की उपयुक्तता के संदर्भ में भी भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से रिपोर्ट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस रिपोर्ट और डीपीआर के आधार पर एयरपोर्ट निर्माण को लेकर आगे की कार्यवाही की जाएगी। विदित है कि यूएस नगर में लम्बे समय से ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की स्थापना के प्रयास चल रहे हैं और इसके लिए सरकार की ओर से अब डीपीआर बनाने वाली कंसल्टेंट एजेंसी का भी एक तरह से चयन कर लिया है। इसी डीपीआर यानी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट के आधार पर एयरपोर्ट के विस्तार का रास्ता साफ होगा।