
कोलकाता, 8 अप्रैल 2021
पश्चिम बंगाल में हो रहे विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को समर्थन दिया है। सपा की राज्यसभा सांसद जया बच्चन बीते चार दिन से पश्चिम बंगाल में हैं और टीएमसी के समर्थन में प्रचार कर रही हैं। गुरुवार को भी जया बच्चन ने सभाएं और रोड शो किए हैं। रोड शो के दौरान ही जया बच्चन गुस्सा भी हो गईं। बच्चन का रोड शो जब गुजर रहा था तो एक समर्थक ने गाड़ी पर चढ़ उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश की। जिस पर जया बच्चन ने उसको धक्का मार दिया।
गुरुवार को पश्चिम बंगाल में चौथे चरण के मतदान के लिए प्रचार का आखिरी दिन है। ऐसे में अभिनेत्री से राजनीति में आईं सपा सांसद जया बच्चन ने टीएमसी उम्मीदवारों के समर्थन में हावड़ा और शिवपुर में रोड शो किए। खुली जीप में सवार जया के साथ फोटो लेने की भी लोगों में होड़ देखी गई। इसी दौरान एक शख्स उनकी कार पर चढ़ सेल्फी लेने की कोशिश करने लगा। जया बच्चन ने इस शख्स को धक्का मारते हुए कार और खुद से दूर कर दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
ममता बनर्जी की जमकर कर रहीं तारीफ
टीएमसी के प्रचार के लिए जया बच्चन रविवार को बंगाल पहुंची थीं। इसके बाद वो लगातार प्रचार कर रही हैं और ममता बनर्जी की जमकर तारीफ भी कर रही हैं। पश्चिम बंगाल जाने को लेकर जया बच्चन ने कहा कि मेरी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुझे पश्चिम बंगाल जाने और ममता बनर्जी का सहयोग करने के लिए कहा है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए मेरे मन में अत्यंत प्रेम और सम्मान हैं। जया बच्चन ने कहा, ममता बनर्जी सिर फूटा, पैर टूटा हुआ लेकिन वे उनके दिल, दिमाग और उसके आगे बढ़ने के संकल्प को नहीं तोड़ पाए।
तीन चरण का चुनाव हो चुका, पांच चरण का बाकी
पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में मतदान होना है। 27 मार्च को पहले चरण का चुनाव हुआ था। जिसके बाद तीन चरण के लिए अब तक वोट डाले जा चुके हैं। चौथे चरण में 44 सीटों पर 10 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इसके बाद पांचवें चरण की 45 सीटों पर 17 अप्रैल को वोटिंग होगी। छठे चरण में 43 सीटों पर 22 अप्रैल को, सातवें चरण में 26 अप्रैल को और 29 अप्रैल तक आठ चरणों में चुनाव होना है। इसके बाद दो मई को नतीजों का ऐलान किया जाएगा। पश्चिम बंगाल के अलावा तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में भी विधानसभा चुनाव हुए। इन सभी राज्यों में 6 अप्रैल को मतदान हो गया है। सिर्फ बंगाल में ही अब पांच चरणों का चुनाव होना बाकी है। असम में तीन चरणों में चुमाव हुआ जबकि केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में एक ही चरण में चुनाव हो चुका है। नतीजे सभी राज्यों के एक साथ आएंगे।
पश्चिम बंगाल की बात करें तो 2016 में हुए विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने भारी बहुमत हासिल कर सरकार बनाई थी। इस चुनाव में टीएमसी तीसरी बार सत्ता में आने का लक्ष्य लेकर उतरी है। चुनाव में उसके सामने भाजपा और लेफ्ट-कांग्रेस गठबंधन है। इन तीन राजनीतिक ताकतों में मुख्य मुकाबला माना जा रहा है।







