पालतू जानवरों से लोगों का लगाव किसी से छिपा नहीं है। कई लोग अपने कुत्ते और बिल्लियों को परिवार के सदस्य की तरह रखते हैं। ऐसे में जब ये जानवर दुनिया छोड़कर चले जाते हैं, तो उनके मालिकों के लिए उनकी यादों को संभालकर रखना बेहद भावुक पल होता है। इसी लगाव को चीन में एक नए कारोबार ने अपना आधार बना लिया है। यहां कुछ कंपनियां पालतू जानवरों के बाल और उनकी अस्थियों की राख से लैब में हीरे तैयार करने का दावा कर रही हैं। इन हीरों की कीमत हजारों से शुरू होकर 15 लाख रुपये तक पहुंच रही है।
इन हीरों को बाद में अंगूठी, पेंडेंट और दूसरी ज्वेलरी में लगाया जाता है, ताकि पालतू जानवरों के मालिक उनकी यादों को हमेशा अपने पास रख सकें। हालांकि, इस कारोबार के बढ़ने के साथ ही इसकी कीमत और कंपनियों के दावों को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। कुछ लोगों का मानना है कि कंपनियां लोगों के भावनात्मक लगाव का फायदा उठाकर उनसे मोटी रकम वसूल रही हैं। वहीं, यह सवाल भी बना हुआ है कि क्या वाकई इन हीरों को पालतू जानवरों के बालों और राख से ही तैयार किया जा रहा है।
कुत्ते के बालों से बनवाई 1.5 लाख रुपये की अंगूठी

चीन के जिलिन प्रांत में रहने वाली चेन शिंग की कहानी इस कारोबार को समझने के लिए काफी दिलचस्प है। उन्होंने साल 2020 में अपने पालतू कुत्ते बाओबाओ के बालों से हीरे की अंगूठी बनवाने का ऑर्डर दिया था। उस समय उनका कुत्ता काफी बूढ़ा हो चुका था। चेन चाहती थीं कि बाओबाओ की यादें उनके पास हमेशा रहें। इसी वजह से उन्होंने उसके बालों से हीरा तैयार करवाने का फैसला किया।
फरवरी 2021 में जब उन्हें यह अंगूठी मिली, तो इसकी कीमत करीब 1.5 लाख रुपये थी। उनके लिए यह सिर्फ एक महंगी ज्वेलरी नहीं, बल्कि अपने प्यारे पालतू साथी की यादों को हमेशा अपने पास रखने का एक खास तरीका था।
कारोबार पर उठ रहे हैं सवाल

इस तरह के हीरे बनाने वाली कंपनियां दावा करती हैं कि पालतू जानवरों के बालों या राख से कार्बन लेकर लैब में उसे हीरे का रूप दिया जाता है। लेकिन इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना आसान नहीं है। यही वजह है कि इस कारोबार की पारदर्शिता और इसकी असलियत को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
एक तरफ पालतू जानवरों से बिछड़ चुके लोगों के लिए यह उनकी यादों को सहेजने का अनोखा तरीका बन रहा है, तो दूसरी तरफ इसकी ऊंची कीमत और कंपनियों के दावों ने एक नई बहस छेड़ दी है।




