
नई दिल्ली, 23 मार्च 2021
पिछले कुछ दिनों में देश में कोरोना वायरस के मामलों में हुई जबरदस्त वृद्धि की वजह से भारत कोरोना वायरस के सर्वाधिक मामलों वाले देशों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। जबकि अमेरिका और ब्राजील इस सूची में पहले और दूसरे स्थान पर हैं। जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने यह आंकड़ा जारी किया है।
आंकड़ों के अनुसार भारत ऐसा तीसरा देश है तो अमेरिका और ब्राजील के बाद कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्राभावित हुआ है। मंगलवार तक भारत में कोरोना वायरस के 1 करोड़, 16 लाख 86 हजार 796 केस हो गए, जबकि अमेरिका में कोरोना के कुल मामले इस दौरान 2.98 करोड़ और ब्राजील में 1.20 करोड़ हैं। सोमवार को भारत में कोरोना के रिकॉर्ड 46 हजार 951 नए केस सामने आए थे, जोकि नवंबर 2020 के बाद कोरोना के केसों में एक दिन में हुई सबसे अधिक वृद्धि थी।
पिछले 6 हफ्तों में बढ़ा मौतों का आंकड़ा- WHO
कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि पिछले 6 हफ्तों में वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या में तेजी आई है। संयुक्त राष्ट्र की स्वास्थ्य एजेंसी में कोरोना की तकनीकी प्रमुख मारिया वान केरखोव ने कहा, ‘पिछले सप्ताह में कोरोना के मामलों में 8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है…यूरोप में यह वृद्धि 12 प्रतिशत है… और कई देशों में यह देखने को मिली है…मैं यह कहना चाहती हूं कि लगभग 6 सप्ताह पहले हमने कोरोना से होने वाली मौतों के आंकड़े में कमी देखी थी।’
दुनियाभर में एक बार फिर कोरोना के बढ़ते मामलों ने सभी देशों की सरकारों को चिंता में डाल दिया है। ऐहतियात के तौर पर जर्मनी ने ईस्टर की छुट्टियों के साथ 8 अप्रैल तक संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की है। देश में कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल ने सोमवार को कहा कि, ‘स्थिति गंभीर है क्योंकि मामलों की संख्या तेजी से बढ़ रही है औ आईसीयू फिर से भर रहे हैं।’







