The Front Desk, आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के साथ भारतीय कप्तान Suryakumar Yadav ने भी अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज कर लिया। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया और इसी के साथ सूर्यकुमार यादव की कप्तानी का कद भी और ऊंचा हो गया। यह सूर्यकुमार यादव का बतौर कप्तान पहला आईसीसी टूर्नामेंट था और उन्होंने पहली ही कोशिश में टीम इंडिया को चैंपियन बना दिया। इसके साथ ही वह भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले तीसरे कप्तान बन गए। उनसे पहले MS Dhoni ने 2007 में और Rohit Sharma ने 2024 में भारत को यह खिताब दिलाया था।

दुनिया के नंबर-1 T20I कप्तान बने सूर्या
फाइनल की जीत के साथ सूर्यकुमार यादव टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा जीत प्रतिशत वाले कप्तान बन गए हैं। उन्होंने अब तक भारत के लिए 52 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी की है, जिनमें से
42 मैच जीते,
8 मैच हारे,
2 मुकाबले बेनतीजा रहे।
इस तरह उनकी कप्तानी में भारत का विनिंग प्रतिशत 80.77% हो गया है, जो दुनिया के किसी भी नियमित टी20 कप्तान से ज्यादा है।
रोहित शर्मा को छोड़ा पीछे
इस मामले में सूर्यकुमार यादव ने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने 62 टी20 मैच खेले थे, जिनमें से 50 मुकाबले जीते थे और उनका जीत प्रतिशत करीब 80.65% था। वहीं इस सूची में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान Sarfaraz Ahmed तीसरे स्थान पर हैं, जिनकी कप्तानी में पाकिस्तान का जीत प्रतिशत करीब 78.38% रहा।

अब रोहित के एक और रिकॉर्ड पर नजर
सूर्यकुमार यादव के पास अब रोहित शर्मा का एक और बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा (50 जीत) के नाम है। सूर्यकुमार यादव के खाते में फिलहाल 42 जीत हैं। यानी अगर सूर्या 9 और मैच जीत लेते हैं, तो वह भारत के सबसे सफल टी20 कप्तान भी बन जाएंगे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की जीत ने न सिर्फ भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाई दी है, बल्कि सूर्यकुमार यादव को भी विश्व क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली और सफल कप्तानों की सूची में सबसे ऊपर पहुंचा दिया है।




